West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल का चुनावी अभियान अब अपने आखिरी चरण में पहुंच गया है। ऐसे में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस, मुख्य विपक्षी दल भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इन दलों के हर एक फायरब्रांड नेता चुनावी रैलियां और रोडशो कर रहे हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के समर्थन में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुनावी जनसभा की और भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
भाजपा पर जमकर बरसे केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने दक्षिण कोलकाता के बल्लीगंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक अकेली महिला के पीछे ईडी, सीबीआई, केंद्रीय बल, पीएम मोदी सहित तमाम लोग पीछे पड़ गए। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, केजरीवाल ने कहा, ''ईडी, सीबीआई, केंद्रीय बल, पीएम मोदी हर कोई उनके (ममता बनर्जी के) पीछे पड़े हैं। भाजपा के तमाम मुख्यमंत्री घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं और फिर भी वह (ममता बनर्जी) जीतती हैं। वह जीतेंगी, क्योंकि उनके साथ काली मां का आशीर्वाद है...जब उनको माता की शक्ति मिलती हैं, तभी वह जीतती हैं।''
उन्होंने भाजपा को घेरते हुए कहा कि एक साल पहले, उन्होंने मुझे एक झूठे केस में जेल में डाल दिया। फैसला आया और कोर्ट ने कहा कि केजरीवाल पर लगे सभी आरोप झूठे हैं। केजरीवाल बेकसूर है और कट्टर ईमानदार है...।
'लोकतंत्र को बचाने का चुनाव'
केजरीवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल का चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है, बल्कि देश और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा, ''बंगाल की जनता जितनी हिम्मत के साथ भाजपा का मुकाबला कर रही है, उसे पूरा देश देख रहा है। भाजपा ने पूरे देश से एकत्रित करके केंद्रीय बल बंगाल में भेज दी। क्या बंगाल में आतंकवादी रहते हैं? यह बंगाल, बंगाली संस्कृति पर हमला है।''
इस दौरान, केजरीवाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता जनतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा, ''बंगाल सहित देशभर की जनता पीएम मोदी के खिलाफ हो गई है। ऐसे में वो चुनाव कैसे जीतेंगे। इसी डर में उन्होंने एसआईआर के नाम पर लाखों लोगों के नाम कटवाने शुरू कर दिए।''
