Lok Sabha Election Plan: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर प्लान तैयार कर लिया है। हालांकि ये वही फॉर्मूला है, जो यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में काम नहीं आया था। अब अखिलेश एक बार फिर वही 'पीडीए' वाला राग अलाप रहे हैं। अखिलेश यादव ने शुक्रवार को दावा किया कि ‘पीडीए’ ही लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को हरायेगा।
क्या है पीडीए और क्यों अखिलेश को है इस पर भरोसा?
अखिलेश यादव ने पीडीए को पर पूरा भरोसा है। आपको बताते हैं कि आखिर ये पीडीए है क्या... तो पीडीए तीन अलग-अलग शब्दों से मिलकर बना है। PDA= पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक। यादव ने समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित ‘पीडीए’ जन पंचायत पखवाड़े की शुरुआत शुक्रवार को कन्नौज के ग्राम फकीरे पुरवा से किया और उन्होंने जन पंचायत में ग्रामवासियों से बिजली व्यवस्था और सड़क आदि मुद़दों पर चर्चा की।
सांड के नाम लेकर सरकार को अखिलेश ने कोसा
उन्होंने कहा, 'किसान ठगा महसूस कर रहा है, किसानों को फसलों की सही कीमत नहीं मिल रही है, नौजवान नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं, निराश हैं और सड़कों पर सांड घूम रहे हैं, लोगों को मार रहे हैं। जनता भाजपा सरकार से परेशान है।' सपा प्रमुख यादव ने दावा किया, 'जनता ने पीडीए के साथ रहने का मन बना लिया है, पीडीए 90 फीसदी आबादी की आवाज है और पीडीए ही लोकसभा चुनाव में एनडीए (राजग) को हरायेगा।'
प्लान PDA से क्या अखिलेश की सपा को मिलेगी जीत?
सपा मुख्यालय से यहां जारी एक बयान के अनुसार यादव ने कहा, 'आज से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा निर्मित भारतीय संविधान में उल्लेखित सामाजिक न्याय की अवधारणा को ताकत देने के लिए दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक समाज एवं पीड़ित लोगों की बैठकें सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम बनाकर जिला संगठन के दो-दो पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाये।' उन्होंने निर्देश दिया कि 'आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए जन पंचायत हेतु जोन प्रभारी, सेक्टर प्रभारी, ब्लाक प्रभारी, नगर अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष तथा कमेटी एवं समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ पीडीए जन पंचायत कराएं ताकि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में जनमत तैयार कर भाजपा को सत्ता से हटाया जाय।'
अखिलेश यादव ने कहा, 'भाजपा सरकार में पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यकों एवं महिलाओं के हो रहे उत्पीड़न, शोषण, तथा सामाजिक अन्याय के विरुद्ध ‘पीडीए’ जन पंचायत के माध्यम से लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी संकल्पित है।' उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादियों ने आधारभूत संरचना, शिक्षा के क्षेत्र में कार्य किया, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज बनाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने कन्नौज के विकास के लिए बहुत काम किया, लेकिन भाजपा सरकार ने सब विकास रोक दिया। यादव ने कहा, 'आज रिकार्ड तोड़ बेरोजगारी है। ऐतिहासिक महंगाई है, चौतरफा भ्रष्टाचार है, देश के सौहार्द को खत्म करने की साजिश हो रही है और देश की एकता, भाईचारा और एकता का तानाबाना तोड़ने का काम भाजपा कर रही है।'
(भाषा)
