इलेक्शन

पूर्व मुख्यमंत्री, फिल्म स्टार सहित 280 नेता पहली बार पहुंचेंगे संसद, यूपी से होंगे सबसे ज्यादा 45 सांसद

उत्तर प्रदेश लोकसभा के लिए सबसे अधिक 80 सदस्य को चुनकर भेजता है और 18वीं लोकसभा के लिए राज्य से चुने गए 45 सदस्य ऐसे हैं जो पहली बार संसद के निचले सदन यानी लोकसभा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

Image

280 नए चेहरे बने सांसद

Lok Sabha Election 2024 Results: लोकसभा चुनाव 2024 में पूर्व मुख्यमंत्री, फिल्म स्टार, राजनीतिक कार्यकर्ता और हाई कोर्ट के एक पूर्व न्यायाधीश सहित 280 ऐसे विजेता हैं जो पहली बार संसद के निचले सदन के सदस्य होंगे। उत्तर प्रदेश लोकसभा के लिए सबसे अधिक 80 सदस्य को चुनकर भेजता है और 18वीं लोकसभा के लिए राज्य से चुने गए 45 सदस्य ऐसे हैं जो पहली बार संसद के निचले सदन यानी लोकसभा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इनमें टेलीविजन धारावाहिक रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल (मेरठ), चर्चित अमेठी सीट से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को हराने वाले कांग्रेस नेता किशोरी लाल शर्मा, नगीना सीट से निर्वाचित दलित अधिकार कार्यकर्ता एवं आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद शामिल हैं।

महाराष्ट्र से 33 नेता पहली बार बने संसद

महाराष्ट्र से 33 लोकसभा सदस्य पहली बार चुनकर आए हैं, जिनमें स्कूल शिक्षक भास्कर भागरे भी शामिल हैं, जिन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने डिंडोरी की आदिवासी सीट से मैदान में उतारा था। भागरे ने भाजपा नेता भारती पवार को हराया। महाराष्ट्र से पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए सदस्यों में मुंबई उत्तर से भाजपा के पीयूष गोयल, अमरावती से कांग्रेस नेता बलवंत वानखेड़े, अकोला से पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय धोत्रे के पुत्र एवं भाजपा नेता अनूप धोत्रे अकोला और सांगली से निर्दलीय सदस्य विशाल पाटिल शामिल हैं।

ये पूर्व सीएम भी पहुंचे संसद

पहली बार लोकसभा पहुंचने वाले पूर्व मुख्यमंत्रियों में नारायण राणे (रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, महाराष्ट्र), त्रिवेंद्र सिंह रावत (हरिद्वार, उत्तराखंड), मनोहर लाल (करनाल, हरियाणा), बिप्लब कुमार देब (त्रिपुरा पश्चिम, त्रिपुरा), जीतन राम मांझी (गया, बिहार), बसवराज बोम्मई (हावेरी, कर्नाटक), जगदीश शेट्टार (बेलगाम, कर्नाटक), चरणजीत सिंह चन्नी (जालंधर, पंजाब) शामिल हैं। वहीं, अभिनय से जुड़े और पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित होने वालों में केरल की त्रिशूर सीट से सुरेश गोपी और हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से निर्वाचित कंगना रनौत शामिल हैं।

पूर्व जज अभिजीत गंगोपाध्याय भी जीते

राज्यसभा सदस्य अनिल देसाई (शिवसेना यूबीटी), भूपेंद्र यादव, धर्मेंद्र प्रधान, मनसुख मांडविया और पुरषोत्तम रूपाला ने भी पहली बार लोकसभा में प्रवेश किया है। पूर्व राजपरिवारों के सदस्य जो पहली बार देश की सबसे बड़ी पंचायत के सदस्य बने हैं उनमें छत्रपति शाहू (कोल्हापुर), यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार (मैसूर) और कृति देवी देबबर्मन (त्रिपुरा पूर्व) शामिल हैं। पश्चिम बंगाल की तालमुक लोकसभा सीट से जीतने वाले कलकत्ता हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अभिजीत गंगोपाध्याय भी पहली बार सांसद बने हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article