इलेक्शन

लगातार तीसरी बार पीएम पद संभालेंगे मोदी, शपथ ग्रहण समारोह में पड़ोसी देशों के शीर्ष नेताओं को मिलेगा न्योता

सूत्रों ने बताया कि मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किए जाने वाले विदेशी नेताओं में बांग्लादेश, श्रीलंका, भूटान, नेपाल और मॉरीशस के शीर्ष नेता शामिल हो सकते हैं।

Image

नरेंद्र मोदी तीसरी बार बनेंगे प्रधानमंत्री

Photo : ANI

Narendra Modi Swearing-in Ceremony: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे सामने आने बाद अब नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री पद के लिए मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में संभवत: श्रीलंका और बांग्लादेश सहित अपने कई पड़ोसी देशों के नेताओं को आमंत्रित करेगा। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन द्वारा लोकसभा चुनावों में 293 सीट जीतने के बाद मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

पड़ोसी देशों के शीर्ष नेताओं को मिलेगा न्योता

सूत्रों ने बताया कि मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किए जाने वाले विदेशी नेताओं में बांग्लादेश, श्रीलंका, भूटान, नेपाल और मॉरीशस के शीर्ष नेता शामिल हो सकते हैं। श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे के कार्यालय के मीडिया प्रभाग ने बताया कि मोदी ने उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया है। उसने कहा कि विक्रमसिंघे ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया और उन्होंने मोदी को चुनावी जीत की फोन के जरिये बधाई दी। मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से भी फोन पर बातचीत की।

मोदी ने की शेख हसीना-प्रचंड से बातचीत

राजनयिक सूत्रों ने बताया कि फोन पर बातचीत के दौरान मोदी ने हसीना को अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया और उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया। सूत्रों ने बताया कि नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ को भी मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। मोदी ने प्रचंड से भी फोन पर बातचीत की। सूत्रों ने बताया कि औपचारिक निमंत्रण आज गुरुवार को भेजे जाएंगे।

8 जून को शपथ लेने की संभावना

प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के पहले शपथ ग्रहण समारोह में दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के नेता शामिल हुए थे। मोदी 2019 में जब लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री बने तब उनके शपथ ग्रहण समारोह में बिम्सटेक देशों के नेता शामिल हुए थे। मोदी के आठ जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है। भाजपा को चुनावों में अपने दम पर बहुमत नहीं मिल सका, लेकिन पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 543 में से 293 सीटें हासिल कीं। निचले सदन में बहुमत का आंकड़ा 272 है। (Bhasha Input)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article