UP Schools Timing Changed: उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों और पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए काम की खबर है। यूपी बोर्ड के राजकीय माध्यमिक स्कूलों और अशासकीय सहायता प्राप्त यानी एडेड माध्यमिक स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। अब सभी का समय एक घंटा बढ़ा दिया गया है। अभी तक यह स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक खुल रहे थे, लेकिन अब दोपहर 1:30 बजे तक खुलेंगे।
नई शिक्षा नीति 2020 (NEP) के तहत यूपी के स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है। इंटरमीडिएट एक्ट में संशोधन करने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से यह निर्देश दिए गए हैं।
UP School Extra Classes: यूपी के सरकारी स्कूलों में क्लासेस
यूपी के सरकारी स्कूलों को पांच घंटे की बजाए इसे छह घंटे संचालित करने का आदेश दिया गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार एक शैक्षिक सत्र में 220 शिक्षण दिवसों में कम से कम 1200 घंटे का शिक्षण कार्य सुनिश्चित किया गया है। जारी नोटिस के अनुसार, हर दिन छह घंटे की क्लास होगी। इसमें प्रार्थना सभा और लंच को शामिल करते हुए स्कूलों की टाइमिंग रखी गई है।
UP School Timing: अब क्या होगी टाइमिंग?
इंटरमीडिएट एजुकेशन एक्ट 1921 में संशोधन करना पड़ा है। बदलाव के बाद स्कूल छह घंटे के लिए खुलेंगे। वर्तमान में 1100 घंटे का शिक्षण पाठ्येत्तर क्रियाकलाप संपादित हो पाते हैं। नई टाइमिंग के अनुसार, 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक यूपी बोर्ड के माध्यमिक स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खुलेंगे। वहीं एक अक्टूबर से 31 मार्च तक यह सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुलेंगे।

गर्मी के चलते बदली थी टाइमिंग
हाल ही यूपी के स्कूलों में भीषण गर्मी के चलते स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया था। स्कूलों की टाइमिंग पहले सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक थी। भीषण गर्मी को देखते हुए टीचर्स और पेरेंट्स स्कूलों का टाइम बदलने की मांग कर रहे थे। इसके बाद अधिक गर्मी को देखते हुए 28 अप्रैल तक यूपी के सभी परिषदीय और मान्यता प्राप्त स्कूलों की टाइमिंग सुबह 7:30 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक थी।
