UGC NET June Session 2023: यूजीसी नेट परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ा अपडेट है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी यूजीसी अध्यक्ष एम.जगदीश कुमार ने जून सेशन परीक्षा की तारीख भी आज घोषित कर दी है। यूजीसी अध्यक्ष ने नेट परीक्षा 2023 की घोषणा आपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से की है। बता दें कि दिसंबर सेशन के लिए भी आवेदन प्रक्रिया 29 दिसंबर से शुरू की जा चुकी है। योग्य अभ्यर्थी यूजीसी नेट की आधिकारिक वेबसाइट पर 17 जनवरी 2023 तक या उससे पहले ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
UGC NET 2023: कब होगी यूजीसी नेट परीक्षा
यूजीसी अध्यक्ष एम.जगदीश कुमार ने कल ही दिसंबर सेशन के लिए परीक्षा की तारीखों का ऐलान भी किया था। जिसके अनुसार परीक्षा 21 फरवरी से 10 मार्च 2023 तक होगी। जबकि, इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड फरवरी के दूसरे सप्ताह में जारी किया जाएगा। वहीं, यूजीसी अध्यक्ष ने आज ट्वीट किया कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा UGC NET हर साल जून और दिसंबर में आयोजित किया जाता है। आवेदकों को सूचित किया जाता है कि यूजीसी नेट जून 2023 का आयोजन 13 जून से 22 जून 2023 तक होगा।
UGC NET 2023 Exam: ऑनलाइन मोड में होगा एग्जाम
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा यह परीक्षा कुल 83 विषयों के लिए ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। यूजीसी नेट 2023 में टीचिंग एप्टीट्यूड, रिसर्च एप्टीट्यूड, लॉजिकल रीजनिंग, कम्युनिकेशन और डाटा इंटरप्रिटेशन सहित संबंधित विषय से कुल 300 अंकों के 150 सवाल पूछे जाते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को 3 घंटे का समय मिलेगा। बता दें कि परीक्षा में गलत जवाब के लिए निगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं है।
UGC NET Exam 2023: इतना देना होगा शुल्क
यूजीसी नेट परीक्षा के लिए अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को 1100 रुपए आवेदन शुल्क जमा करना होगा। जबकि, आर्थिक रूप से कमजोर/ अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 550 रुपए और अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति / पीडब्ल्यूडी अभ्यर्थियों को 275 रुपए आवेदन शुल्क देना होगा। यूजीसी नेट परीक्षा 2023 से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन भी चेक कर सकते हैं।
