एजुकेशन

Top 5 Education News: नीट काउंसलिंग अपेडट से लेकर यूपी पुलिस रिजल्ट तक, जानें 30 जुलाई की 5 बड़ी खबरें

Top 5 Education News 30 July 2026: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने नीट यूजी काउंसलिंग प्रक्रिया को पहले के मुकाबले अधिक आसान और डिजिटल बनाने का फैसला किया है। वहीं यूपी पुलिस रिजल्ट का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। जानें 30 जुलाई की 5 बड़ी खबरें-

Image

Top 5 एजुकेशन न्यूज: 30 जुलाई 2026

Top 5 Education News 30 July 2026: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने नीट यूजी काउंसलिंग प्रक्रिया को पहले के मुकाबले अधिक आसान और डिजिटल बनाने का फैसला किया है। वहीं यूपी पुलिस रिजल्ट का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। इस बीच यूपी टीईटी रिजल्ट को लेकर भी अभ्यर्थियों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। इस बीच नीट के एक छात्र का पासिंग स्कोर बदलने का मामला भी दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। यहां जानें 30 जुलाई की 5 बड़ी खबरें-

24 घंटे में 3 बार बदला नीट स्कोर

नीट NEET का एग्जाम कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी की NTA एक बार फिर सवालों के घेरे में है। एक छात्र ने एनटीए के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। छात्र का आरोप है कि NTA के पोर्टल पर उसका स्कोर 24 घंटे के अंदर 3 बार बदल गया। छात्र की तरफ से वकील विनीत जिंदल पैरवी कर रहे हैं। छात्र का दावा है कि जब 16 जुलाई को एनटीए के पोर्टल में रिजल्ट जारी किया गया तो शुरुआत में डिस्पले पर उसके 650 नंबर दिखाई दिए। हालांकि, थोड़ी ही देर में छात्र अपने आप पोर्टल से लॉग आउट हो गया। जब उसने दोबारा साइन इन किया तो नंबर घटकर 500 हो गए। जब छात्र ने तीसरी बार अपने नंबर चेक किए तो यह घटकर 135 हो गए।

NEET-UG 2026 काउंसलिंग को लेकर अपडेट

NEET-UG 2026 काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने काउंसलिंग प्रक्रिया को पहले के मुकाबले अधिक आसान और डिजिटल बनाने का फैसला किया है। नई व्यवस्था के तहत अब अभ्यर्थियों को बार-बार मेडिकल कॉलेज जाकर रिपोर्टिंग करने की जरूरत नहीं होगी। छात्रों को केवल अंतिम चरण में एक बार कॉलेज जाकर एडमिशन से जुडी फॉर्मेलिटीज पूरी करनी होंगी। इससे पहले की अधिकांश प्रक्रियाएं अब ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जा सकेंगी। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि नीट काउंसलिंग को आसान बनाते हुए वन-टाइम फिजिकल रिपोर्टिंग व्यवस्था लागू की जा रही है। नई व्यवस्था के अनुसार, यदि किसी अभ्यर्थी को पहले या दूसरे राउंड में सीट आवंटित होती है, तो वह घर बैठे ऑनलाइन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करा सकता है और अपनी प्रोविजनल एडमिशन प्रक्रिया पूरी कर सकता है। इसके बाद यदि अगले राउंड में उसे बेहतर कॉलेज या पसंदीदा सीट मिलती है, तो वह बिना दोबारा कॉलेज पहुंचे नई सीट के लिए अपग्रेड हो सकेगा। इससे छात्रों का समय, यात्रा पर आने वाले खर्च की बचत होगी। नई व्यवस्था से बार-बार कॉलेजों के चक्कर लगाने की मजबूरी खत्म होने से देशभर के लाखों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।

नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव

उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक विद्यालयों में होने वाली नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थियों का चयन एकेडमिक मेरिट के आधार पर नहीं, बल्कि लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया का जिम्मा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग संभालेगा। आयोग की ओर से भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जल्द जारी किए जाने की संभावना है। बता दें कि अब तक प्राथमिक शिक्षक भर्ती में शैक्षिक योग्यता के अंकों को वेटेज देकर मेरिट सूची तैयार की जाती थी। यह मेरिट हाईस्कूल, इंटर, स्नातक, बीएड/डीएलएड और टीईटी के अंकों के आधार पर तैयार की जाती थी लेकिन अब लिखित परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को 120 प्रश्नों की लिखित परीक्षा देनी होगी। यह परीक्षा कुल 360 अंकों की होगी, जिसमें प्रत्येक प्रश्न 3 अंक का होगा। यानि कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश में टीचर बनने के लिए अब अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में बैठना होगा। कहा जा रहा है कि नई चयन व्यवस्था का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाना है।

यूपी पुलिस भर्ती रिजल्ट कब जारी होगा

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल हुए 21,92,236 अभ्यर्थियों को बेसब्री से अपने रिजल्ट का इंतजार है। प्रदेश के 75 जिलों में 1183 परीक्षा केंद्रों पर 8 से 10 जून के बीच आयोजित की गई इस परीक्षा के जरिए 32,679 पद भरे जाएंगे। लाखों अभ्यर्थियों के शामिल होने की वजह से इसे देश की सबसे बडी पुलिस भर्ती परीक्षा कहा जा रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा रिजल्ट को लेकर ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है लेकिन सूत्रों का दावा है कि 15 अगस्त से पहले रिजल्ट का इंतजार खत्म हो जाएगा। यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल रिजल्ट जारी होने के साथ ही फिजिकल यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा का शेड्यूल भी जारी किया जा सकता है। लिखित परीक्षा में निर्धारित कटऑफ प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी फिजिकल टेस्ट में शामिल हो सकेंगे। संभावित कटऑफ की बात करें तो सामान्य वर्ग के लिए कटऑफ 214, ओबीसी के लिए 198, महिला कैटेगरी के लिए 203, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS के लिए 187 से अधिक रह सकती है।

यूपी टीईटी रिजल्ट को लेकर क्या है अपडेट

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यूपी TET के रिजल्ट का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग रिजल्ट तैयार करने में जुटा है। सूत्रों की मानें तो बहुत जल्द 17,70,714 अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म होने वाला है। इस परीक्षा का आयोजन 2 से 4 जुलाई के बीच प्रदेश के 60 जिलों में 955 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। इसके बाद 9 जुलाई को प्रोविजनल आंसर की जारी की गई थी। रिजल्ट जारी होने से पहले फाइनल आंसर की भी जारी की जाएगी। शिक्षक बनने के लिए जरूरी मानी जाने वाली इस परीक्षा में दो पेपर होते हैं। UPTET का पेपर कुल 150 अंकों का होता है। हर श्रेणी के लिए अलग- अलग पासिंग नंबर होते हैं। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को इस परीक्षा में पास होने के लिए 60% यानी 90 अंक चाहिए होंगे। वहीं OBC / SC / ST / EWS / PwD वर्ग के उम्मीदवारों को पास होने के लिए 55% यानी 82 अंक लाने होंगे।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article