SSC Stenographer Answer Key: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने स्टेनोग्राफर ग्रेड C और D परीक्षा 2026 की आंसर की जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर अपनी आंसर की और रिस्पॉन्स शीट चेक कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड के जरिए लॉगिन करना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे आंसर की और अपनी रिस्पॉन्स शीट ध्यान से जांचें और यदि किसी उत्तर पर आपत्ति है तो 26 सितंबर की रात 11 बजे से पहले निर्धारित शुल्क के साथ आपत्ति दर्ज कर दें।
26 सितंबर तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
जिन उम्मीदवारों को किसी प्रश्न या उसके उत्तर को लेकर आपत्ति है, वे SSC की ओर से उपलब्ध कराए गए चैलेंज मॉड्यूल के जरिए ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। ऑब्जेक्शन विंडो 23 सितंबर 2026 को रात 11 बजे से शुरू हो चुकी है और 26 सितंबर 2026 को रात 11 बजे तक खुली रहेगी।
उम्मीदवारों को प्रत्येक प्रश्न/उत्तर को चुनौती देने के लिए 50 रुपये शुल्क देना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आपत्ति शुल्क को पहले के 100 रुपये से घटाकर 50 रुपये कर दिया गया है। तय समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर किसी भी परिस्थिति में विचार नहीं किया जाएगा।
कब हुई थी परीक्षा
SSC की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, स्टेनोग्राफर ग्रेड C और D परीक्षा 2026 का कंप्यूटर आधारित एग्जाम (CBE) 9 सितंबर से 12 सितंबर और 15 सितंबर 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित किया गया था।
प्रश्नों का क्रम अलग हो सकता है
SSC ने उम्मीदवारों को एक महत्वपूर्ण बात भी बताई है। चैलेंज मॉड्यूल में प्रश्नों और विकल्पों का क्रम उस क्रम से अलग हो सकता है, जिस क्रम में वे परीक्षा के दौरान दिखाई दिए थे। अलग-अलग शिफ्ट में उम्मीदवारों के लिए प्रश्नों का क्रम अलग था, जबकि चैलेंज मॉड्यूल में एक शिफ्ट के सभी उम्मीदवारों के लिए प्रश्न और उत्तर विकल्प एक समान क्रम में दिखाई देंगे। हालांकि, आयोग के अनुसार उम्मीदवारों ने परीक्षा के दौरान जिन उत्तरों को चुना था, वे चैलेंज मॉड्यूल में सही तरीके से प्रदर्शित किए जाएंगे।
