एजुकेशन

SSC CHSL 2026: कम हुई वैकेंसी और बदली परीक्षा की टाइमिंग, यहां देखें 4 बड़े बदलाव

SSC CHSL 2026 Vacancy: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने संयुक्त हायर सेकेंडरी लेवल यानी CHSL 2026 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस बार कई ऐसे बदलाव देखने को मिले, जिनके बारे में उम्मीदवारों को पता होना चाहिए।

Image

SSC CHSL 2026: कम हुई वैकेंसी और बदली परीक्षा की टाइमिंग

SSC CHSL 2026 Vacancy: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने संयुक्त हायर सेकेंडरी लेवल यानी CHSL 2026 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों, विभागों और कार्यालयों में लोअर डिवीजन क्लर्क/जूनियर सेक्रेट्रिएट असिस्टेंट (LDC/JSA), डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) सहित अन्य पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। SSC CHSL 2026 Notification के अनुसार, 2536 पदों को भरा जाएगा। हालांकि, पदों की फाइनल संख्या बाद में जारी की जाएगी। इस बार कई ऐसे बदलाव देखने को मिले हैं, जिनके बारे में हर उस उम्मीदवार को जरूर पता होना चाहिए जिन्होंने SSC CHSL 2026 Application Form फॉर्म भरा है।

आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार SSC की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन करने की आखिरी तारीख 7 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे तक है। जानें कौन कौन से हुए बदलाव

1. अब हर सेक्शन के लिए मिलेगा 15 मिनट का समय

SSC CHSL 2026 के Tier 1 में सेक्शनल टाइमर लागू किया गया है। पिछले साल उम्मीदवारों को चारों विषयों के कुल 100 सवाल हल करने के लिए 60 मिनट मिलते थे। वे अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी विषय पर ज्यादा या कम समय दे सकते थे। अब ऐसा नहीं होगा। 2026 की परीक्षा में इंग्लिश, रीजनिंग, मैथ्स और सामान्य जागरूकता, हर सेक्शन के लिए 15 मिनट का समय तय रहेगा। जैसे ही किसी सेक्शन का 15 मिनट का समय पूरा होगा, वह अपने आप बंद हो जाएगा और उम्मीदवार अगले सेक्शन में चले जाएंगे।

Tier 2 परीक्षा में भी सेक्शनल टाइमर की व्यवस्था लागू की गई है। इसलिए उम्मीदवारों को अब सिर्फ सवाल हल करने की नहीं, बल्कि हर सेक्शन में समय का सही इस्तेमाल करने की भी तैयारी करनी होगी।

2. पिछले साल के मुकाबले कम हुईं वैकेंसी

CHSL 2026 में संभावित पदों की संख्या करीब 2536 रखी गई है। यह संख्या पिछले साल की तुलना में कम है। CHSL 2025 में शुरुआत में करीब 3131 रिक्तियां बताई गई थीं, जिन्हें बाद में बढ़ाकर 3522 कर दिया गया था।

हालांकि इस बार भी अंतिम वैकेंसी की संख्या बाद में जारी की जाएगी। इसलिए आगे चलकर पदों की संख्या में बदलाव संभव है, लेकिन हाल ही में जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 2536 पदों को भरा जाने की बात सामने आई है।

3. आंसर की पर आपत्ति दर्ज करना हुआ सस्ता

SSC ने उम्मीदवारों को आंसर की चैलेंज करने के मामले में राहत दी है। पिछले साल प्रत्येक प्रश्न की आंसर की पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपये फीस देनी पड़ती थी। CHSL 2026 में यह शुल्क घटाकर 50 रुपये प्रति प्रश्न कर दिया गया है। यानी उम्मीदवारों को पिछले साल की तुलना में आंसर की चैलेंज करने के लिए आधी फीस देनी होगी।

4. Sliding Mechanism और FRTA को मिली औपचारिक जगह

CHSL 2026 में पोस्ट अलॉटमेंट से जुड़ी प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है। इस बार Sliding Mechanism और FRTA को आधिकारिक रूप से लागू किया गया है। इसका संबंध दस्तावेज सत्यापन के बाद खाली रह जाने वाली सीटों को भरने की प्रक्रिया से है। इसके अलावा दस्तावेज सत्यापन (DV) अब अंतिम परिणाम जारी होने के बाद संबंधित यूजर विभागों की ओर से किया जाएगा। इससे उम्मीदवारों को चयन के बाद की प्रक्रिया को लेकर नई व्यवस्था के अनुसार आगे बढ़ना होगा।

कुल मिलाकर SSC CHSL 2026 में परीक्षा की टाइमिंग, वैकेंसी, आंसर की चैलेंज फीस और पोस्ट अलॉटमेंट से जुड़ी प्रक्रिया में बदलाव किए गए हैं। ऐसे में उम्मीदवारों को इस बार तैयारी के साथ-साथ भर्ती के नए नियमों को भी अच्छी तरह समझ लेना चाहिए।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article