वैश्विक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण और किफायती शिक्षा की तलाश कर रहे अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए दक्षिण अफ्रीका (South Africa) एक प्रमुख स्टडी डेस्टिनेशन बनकर उभर रहा है। केप टाउन यूनिवर्सिटी (UCT), विटवाटरस्रैंड (Wits) और स्टेलनबॉश जैसी विश्व प्रसिद्ध यूनिवर्सिटीज, कम ट्यूशन फीस और अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई के कारण भारतीय छात्र भी अब अफ्रीका के इस खूबसूरत देश की ओर अपना रुख कर रहे हैं। हालांकि, वहां के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में प्रवेश लेना ही काफी नहीं है, क्योंकि यहां जाने के लिए पहले आपको वीजा की जरूरत होगी। बिना वीजा के आप साउथ अफ्रीका की जमीन कदम नहीं रख सकते हैं। इसलिए दक्षिण अफ्रीका से पढ़ाई की इच्छा रखने वाले हर छात्र को स्टडी वीजा (Study Visa) नियमों और पढ़ाई के दौरान पार्ट-टाइम जॉब से जुड़े कानूनों के बारे में जानकारी प्राप्त होना आवश्यक है।
दक्षिण अफ्रीका में स्टडी वीजा के मुख्य नियम
दक्षिण अफ्रीका के इमिग्रेशन रेगुलेशन के अनुसार, यदि कोई विदेशी छात्र किसी मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थान में प्रवेश लेता है, तो उसे गृह विभाग (Department of Home Affairs - DHA) द्वारा स्टडी वीजा जारी किया जाता है। स्टडी वीजा प्राप्त करने के लिए प्रमुख दस्तावेज और शर्तें नीचे दी गई हैं:
आधिकारिक एडमिशन लेटर: दक्षिण अफ्रीका की किसी पंजीकृत यूनिवर्सिटी या कॉलेज से फुल टाइम पाठ्यक्रम का स्वीकृति पत्र।
वित्तीय क्षमता का प्रमाण: छात्र को बैंक स्टेटमेंट के जरिए यह साबित करना होता है कि उसके पास पढ़ाई के दौरान ट्यूशन फीस और रहने-खाने का पर्याप्त खर्च मौजूद है।
स्थानीय हेल्थ इंश्योरेंस: दक्षिण अफ्रीका के कानूनों के तहत अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए देश में पंजीकृत किसी 'साउथ अफ्रीकन मेडिकल ऐड स्कीम' का कवर होना कानूनी रूप से अनिवार्य है।
पुलिस क्लीयरेंस व मेडिकल रिपोर्ट: आवेदक का आपराधिक रिकॉर्ड न होना (PCC) और निर्धारित फॉर्म पर मेडिकल सर्टिफिकेट जमा करना होता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Greece में क्या है स्टडी वीजा का नियम? भारतीय छात्रों को इन बातों का रखना है ध्यान
वीजा की अवधि और वैधता
आपके वीजा की वैधता आपकी शिक्षा के स्तर पर निर्भर करती है। जो इस प्रकार होगी -
| प्राइमरी स्कूल | ज्यादा से ज्यादा 8 साल के लिए जारी किया जाता है (इसमें प्राइमरी शिक्षा का समय शामिल है)। |
| सेकेंडरी स्कूल | ज्यादा से ज्यादा 6 साल के लिए जारी किया जाता है (इसमें हाई स्कूल का समय शामिल है)। |
| हायर एजुकेशन | डिग्री, डिप्लोमा या सर्टिफिकेट की अवधि के लिए जारी किया जाता है। |
नोट: अगर आप स्कूल या संस्थान बदलते हैं, तो आपको 'शर्तों में बदलाव' के लिए आवेदन करना होगा। अगर आप "यूनिवर्सिटी ऑफ केपटाउन" से "स्टेलेनबॉश यूनिवर्सिटी" चले जाते हैं, तो "यूनिवर्सिटी ऑफ केप टाउन" के लिए जारी किया गया वीजा अमान्य हो जाएगा। इन सब महत्वपूर्ण बातों का आपको ध्यान रखना अनिवार्य है।
छात्रों के लिए काम करने के अधिकार
साउथ अफ्रीका में पढ़ाई के दौरान कई छात्र ऐसे होते हैं, जो पार्ट टाइम नौकरी कर अपने दैनिक खर्चों को निकालना चाहते हैं। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या आप स्टडी वीजा पर काम कर सकते हैं? इसका जवाब है- हां, लेकिन रेगुलेशन 12(3) में बताई गई सख्त शर्तों के साथ।
पार्ट-टाइम काम - आप प्रति सप्ताह 20 घंटे से ज़्यादा समय तक पार्ट-टाइम काम नहीं कर सकते।
छुट्टियों में काम - आप आधिकारिक शैक्षणिक छुट्टियों के दौरान फुल-टाइम काम कर सकते हैं, बशर्ते आपके पास संस्थान से एक पत्र हो जिसमें छुट्टियों की तारीखों की पुष्टि हो और काम करने की सहमति दी गई हो।
प्रैक्टिकल ट्रेनिंग - अगर आपकी डिग्री पूरी करने के लिए इंटर्नशिप या प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (जैसे मेडिकल छात्र, इंजीनियर) ज़रूरी है, तो स्टडी वीज़ा की शर्तों के तहत इसकी अनुमति है।
यदि आप दक्षिण अफ्रीका में कोई भी पार्ट-टाइम जॉब या कैंपस वर्क शुरू करते हैं, तो आपको काम शुरू करने से पहले छात्रों को 'साउथ अफ्रीकन रेवेन्यू सर्विस' (SARS) में ऑनलाइन या शाखा जाकर मुफ्त में Income Tax Reference Number प्राप्त करना होता है। एम्प्लॉयर इसके बिना कानूनी रूप से वेतन का भुगतान नहीं कर सकता। यदि आपकी वार्षिक कमाई निर्धारित टैक्स सीमा से कम है, तो आपको कोई टैक्स नहीं देना होता, लेकिन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है।
छात्रों के लिए किस तरह के जॉब ऑप्शन उपलब्ध हैं?
छात्र यहां कैंपस जॉब्स कर सकते हैं। इसका अर्थ है कि यूनिवर्सिटी ट्यूटरिंग, लाइब्रेरी सहायक, रिसर्च असिस्टेंट या कैंपस कैफेटेरिया में काम। ये काम सुरक्षित माने जाते हैं और इनमें औसतन 100 से 250 ZAR (साउथ अफ्रीकन रैंड) प्रति घंटा तक की कमाई हो सकती है। वहीं दूसरा विकल्प ऑफ कैंपस जॉब का है, जिसमें रिटेल स्टोर, रेस्तरां, कॉल सेंटर या इवेंट मैनेजमेंट में कस्टमर सर्विस का काम आता है। इसमें आमतौर पर न्यूनतम वेतन दर के हिसाब से कमाई होती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Mexico में पढ़ने का है सपना, लेकिन आर्थिक तंगी बन रही बाधा? इस स्कॉलरशिप से होगा सपना साकार
दक्षिण अफ्रीका से पढ़ाई के लिए वीजा के लिए आवेदन
VFS ग्लोबल / दूतावास: ज्यादातर आवेदन VFS ग्लोबल सेंटर के ज़रिए या सीधे SA मिशन (दक्षिण अफ्रीकी दूतावास/मिशन) में जमा किए जाते हैं।
फॉर्म: फॉर्म DHA-1738 (ऑनलाइन) भरें।
फीस: DHA आवेदन शुल्क (लगभग R425, करेंसी के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है) और VFS सर्विस शुल्क (लगभग R1,550) का भुगतान करें।
जमा करना: बायोमेट्रिक और दस्तावेज खुद जाकर जमा करें।
