School Closed Today: देश के कई राज्यों में भारी बारिश के चलते आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। लगातार भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर जल जमाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, कहीं बादल फटने और भूस्खलन जैसी घटनाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। इसी बीच मौसम विज्ञान विभाग शिमला ने 19 अगस्त के लिए कुल्लू जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। कुल्लू में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि छात्रों और शिक्षण संस्थानों के कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 19 अगस्त 2025 को कुल्लू और बंजार क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। इसमें सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, फार्मेसी कॉलेज, आंगनवाड़ी केंद्र और अन्य सभी शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं। उपायुक्त कुल्लू एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, तोरुल एस. रवीश ने आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे सुरक्षा एवं आवश्यक उपाय सुनिश्चित करें ताकि छात्रों और कर्मचारियों की भलाई बनी रहे।

Kullu School Closed.
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि लगातार बारिश से जिले में कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़क अवरोध की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा बादल फटने, फ्लैश फ्लड और पुल व सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की रिपोर्ट भी मिली है। ऐसे में हालात को देखते हुए स्कूल की छुट्टियां दोबारा बढ़ाए जाने की संभावना है। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वह संबंधित स्कूलों से संपर्क जरूर कर लें।
