Mumbai School Closed: मुंबई में लगातार हो रही तेज बारिश और अगले कुछ घंटों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बड़ा निर्णय लिया है। बीएमसी आयुक्त एवं प्रशासक भूषण गगरानी ने मुंबई के स्कूल और कॉलेजों में सोमवार 18 अगस्त 2025 को दोपहर 12 बजे के बाद होने वाले सत्र के लिए अवकाश घोषित किया है। इस प्रकार सोमवार को दोपहर के बाद होने वाली सभी शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी। मौसम की स्थिति ठीक होने पर सभी स्कूल और कॉलेज मंगलवार से सामान्य रूप से खुलेंगे।
भारत मौसम विभाग (IMD) के सुबह 10 बजे के अपडेट के अनुसार, आगामी तीन से चार घंटों में मुंबई में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। सुबह से लगातार हो रही बारिश ने शहर के कई इलाकों में जलजमाव और यातायात की समस्याएं पैदा कर दी हैं। ऐसे में बीएमसी ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई के स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
Mumbai School Closed Today: निर्देशों का करें पालन
प्रशासन ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलें और मौसम विभाग व बीएमसी द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। बारिश के चलते मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। कई स्थानीय ट्रेनें और बस सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव दल को अलर्ट पर रखा गया है।
