Pune School Closed: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश से आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। ऐसे में पुणे जिले के लोनावला क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते स्थानीय प्रशासन ने सभी स्कूलों को दो दिनों के लिए बंद करने का फैसला लिया है। मौसम विभाग ने इलाके में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद नगर परिषद ने यह निर्णय लिया।
दो दिनों तक स्कूल बंद
लोनावला नगर परिषद ने हाल ही में अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्कूलों को 20 अगस्त और 21 अगस्त 2025 को बंद करने का आदेश दिया है। यह आदेश भारतीय मौसम विभाग द्वारा पुणे जिले के घाट क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी करने के बाद आया है। नगर परिषद के सीईओ अशोक साबले द्वारा जारी यह आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होता है।
सभी स्कूलों पर आदेश लागू
नगर परिषद के सीईओ अशोक साबले ने बताया कि 20 अगस्त और 21 अगस्त को सभी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में छुट्टी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान स्कूल प्रशासन को अपने दस्तावेज और रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पढ़ाई का जो समय छूटेगा उसे आगे अन्य दिनों में पूरा किया जाएगा।
इन जगहों पर स्कूल बंद
वहीं, पनवेल नगर निगम ने 20 अगस्त 2025 को स्कूल और कॉलेज बंद रखने की घोषणा की है। इसके अलावा ठाणे में स्कूल कल बंद रहेंगे, जबकि पुणे में 21 अगस्त 2025 तक बंद रखने की घोषणा की है। मौसम के हालात को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियां बढ़ाई भी जा सकती हैं। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों का सलाह दी जाती है कि वह संबंधित स्कूलों से जरूर संपर्क कर लें।
