NIT Rourkela Placement 2025-26: देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में शामिल NIT राउरकेला ने 2025-26 के प्लेसमेंट में शानदार आंकड़े दर्ज किए हैं। संस्थान के एक BTech छात्र को 1.31 करोड़ रुपये सालाना का सबसे बड़ा CTC मिला है। वहीं, BTech प्रोग्राम का प्लेसमेंट रेट 95.47 प्रतिशत रहा। संस्थान ने अपनी आधिकारिक जानकारी में प्लेसमेंट के ये आंकड़े जारी किए हैं। NIT राउरकेला के निदेशक प्रो. के. उमामहेश्वर राव के अनुसार, ये परिणाम छात्रों की तकनीकी क्षमता, अकादमिक तैयारी और उद्योग से संस्थान के मजबूत जुड़ाव को दिखाते हैं।
जानकारी के अनुसार, NIT राउरकेला के मुताबिक 2025-26 के प्लेसमेंट ड्राइव में अलग-अलग प्रोग्राम के छात्रों को कुल 1,340 प्लेसमेंट ऑफर मिले। इसके अलावा छह महीने की इंटर्नशिप के लिए 364 ऑफर भी मिले। प्री-फाइनल ईयर के छात्रों को 258 समर इंटर्नशिप ऑफर किए गए। छात्रों को Software Engineer, Software Development Engineer, Hardware Engineer, Graduate Trainee Engineer, Data Analyst और Business Analyst जैसे पदों के लिए ऑफर मिले। संस्थान के अनुसार, कुल जॉब ऑफर में कोर सेक्टर से जुड़े रोल की हिस्सेदारी 41.69 प्रतिशत रही। इंटर्नशिप के मामले में भी छात्रों को अच्छे अवसर मिले। इंजीनियरिंग छात्रों के लिए सबसे ज्यादा इंटर्नशिप स्टाइपेंड 1.50 लाख रुपये प्रति माह तक पहुंचा।
374 कंपनियों ने लिया हिस्सा
इस प्लेसमेंट ड्राइव में 374 कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिनमें करीब आधी कंपनियां ऐसी थीं, जो पहली बार NIT राउरकेला के कैंपस प्लेसमेंट में शामिल हुईं। सॉफ्टवेयर और IT सर्विस सेक्टर से सबसे ज्यादा कंपनियां आईं। इसके बाद मैन्युफैक्चरिंग, BFSI, इलेक्ट्रॉनिक्स और एजुकेशन सेक्टर का स्थान रहा।
BTech छात्रों का औसत पैकेज 15.33 लाख
BTech छात्रों के लिए सबसे ज्यादा CTC 1.31 करोड़ रुपये सालाना रहा। वहीं BTech का औसत CTC 15.33 लाख रुपये प्रति वर्ष और मीडियन CTC 12.50 लाख रुपये रहा। संस्थान के अनुसार, 83 से ज्यादा छात्रों को 30 लाख रुपये सालाना से अधिक के पैकेज मिले।
