Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र टीचर्स एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) 2026 पेपर लीक मामले में भिवंडी की एक अदालत ने शनिवार को दो और लोगों को 30 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया। आरोपियों, विजेंद्र गुप्ता और इंद्रजीत सिंह, को अदालत में पेश किया गया। आरोपियों की ओर से पेश वकील शैलेश गायकवाड़ ने एएनआई से बात करते हुए कहा, TET 2026 पेपर लीक मामले में पहले ही 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका था। आज दो और आरोपियों विजेंद्र गुप्ता और इंद्रजीत सिंह को अदालत में पेश किया गया। उन्हें 30 जुलाई तक पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।
जांच के अनुसार, वे सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से लीक हुए पेपर को बेचने में शामिल थे। उनके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन डेटा और व्हाट्सएप चैट से पुलिस उन तक पहुंची। विजेंद्र सिंह के खिलाफ ओडिशा में धोखाधड़ी (धारा 420) का एक पुराना मामला दर्ज है। अदालत ने मौजूदा जांच में मिले सबूतों के आधार पर पांच दिन की पुलिस कस्टडी मंजूर की
मुख्य आरोपी बिहार के पटना से गिरफ्तार
अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस ने महाराष्ट्र टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी को बिहार के पटना से गिरफ्तार किया और आगे की जांच के लिए उसे महाराष्ट्र ले आई। मुख्य आरोपी, जिसकी पहचान बिजेंद्र कुमार बालेश्वर शाह के तौर पर हुई है, को उसके साथी इंद्रजीत सिंह उर्फ पिकू के साथ पटना में भिवंडी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद भिवंडी लाया गया। दोनों आरोपियों को भिवंडी में डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) ज़ोन-2 के कार्यालय ले जाया गया, जहां चल रही जांच के तहत उनसे पूछताछ की जा रही है।
पेपर लीक में पकड़े गए कुल 14 आरोपी
पुलिस के अनुसार, बिजेंद्र कुमार गिरफ्तारी से पहले लगभग एक महीने से फरार था। इन नई गिरफ्तारियों के साथ, TET पेपर लीक मामले में पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या 14 हो गई है। पुलिस ने कहा कि अब जांच का फोकस पूरे पेपर लीक नेटवर्क का पता लगाने और इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पहचान करने पर है। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) को टाल दिया था। यह परीक्षा पूरे राज्य में 28 जून को होनी थी, लेकिन भिवंडी में पुलिस जांच के दौरान कथित तौर पर प्रश्न पत्र लीक होने की बात सामने आने के बाद इसे स्थगित कर दिया गया। परिषद के अनुसार, यह परीक्षा महाराष्ट्र के 1,028 केंद्रों पर आयोजित की जानी थी।
