एजुकेशन

JNUSU Election 2025: जेएनयू छात्र संघ चुनाव में ABVP का दबदबा, काउंसलर की 23 सीटें जीतने का दावा

JNUSU Election 2025: सेंट्रल पैनल में जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों के लिए कुल 29 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 13, उपाध्यक्ष के लिए 5, सचिव के लिए 6 और संयुक्त सचिव के लिए 5 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा।

Image

JNUSU 2025

Photo : PTI

JNU Student Union Election 2025: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) छात्रसंघ चुनाव का अंतिम परिणाम सोमवार को जारी किया जाएगा। वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने दावा किया है कि 16 स्कूलों में काउंसलर के 42 में से 23 पदों पर उसके उम्मीदवार विजयी रहे हैं। हालांकि, चुनाव समिति की ओर से अब तक औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

रविवार शाम तक सेंट्रल पैनल के लिए तीन हजार से अधिक वोटों की गिनती में एबीवीपी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के पदों पर आगे चल रही थी। इस बार मतदान लगभग 70 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में तीन प्रतिशत कम है। कुल 7906 पंजीकृत मतदाताओं में से 43 प्रतिशत महिलाएं और 57 प्रतिशत पुरुष थे। मतदान 25 अप्रैल को संपन्न हुआ था।

सेंट्रल पैनल में जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों के लिए कुल 29 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 13, उपाध्यक्ष के लिए 5, सचिव के लिए 6 और संयुक्त सचिव के लिए 5 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। वहीं, 16 स्कूलों के 42 काउंसलर पदों के लिए कुल 120 उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई।

एबीवीपी ने सेंट्रल पैनल के लिए शिखा स्वराज (अध्यक्ष), निट्टू गौतम (उपाध्यक्ष), कुणाल राय (सचिव) और वैभव मीणा (संयुक्त सचिव) को उम्मीदवार बनाया था। वहीं, नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) की ओर से प्रदीप ढाका (अध्यक्ष), मोहम्मद कैफ (उपाध्यक्ष), अरुण प्रताप (सचिव) और सलोनी खंडेलवाल (संयुक्त सचिव) चुनाव मैदान में थे। जबकि, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स फेडरेशन (DSF) ने गठबंधन बनाकर चुनाव लड़ा।

Ankita Pandey
अंकिता पाण्डेयauthor

अंकिता पाण्डेय टाइम्स नाऊ नवभारत डिजिटल में तीन साल से काम कर रही हैं। वह उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से ताल्लुक रखती हैं। माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही फील्ड रिपोर्टिंग से करियर की शुरुआत हुई। फिर जनसत्ता के डिजिटल प्लैटफॉर्म में लगभग 1.5 साल तक काम किया। 2022 में टाइम्स नाउ नवभारत के एजुकेशन टीम का हिस्सा बनीं। करीब चार साल के छोटे से करियर में स्कूली शिक्षा से लेकर रोजगार तक के सभी पहलुओं पर पकड़ बनाई। नए और रोचक विषयों पर स्टोरी बनाने के साथ ही सक्सेस स्टोरी के जरिए युवाओं को प्रोत्साहन देना भी काम का हिस्सा है। जॉब वैकेंसी, स्कूल-कॉलेज, करियर ऑप्शन, एग्जाम टिप्स, करंट अफेयर्स से जड़ी तमाम खबरों को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत रहती हैं।

और पढ़ें
End of Article