DU Admission 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने CSAS-UG 2026 के तहत अंडरग्रेजुएट एडमिशन के तीसरे राउंड का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके साथ ही उन छात्रों को भी एडमिशन के लिए आवेदन करने का एक और मौका दिया गया है, जिन्होंने पहले रजिस्ट्रेशन नहीं किया था। ऐसे छात्र 3 अगस्त 2026 से मिड-एंट्री के जरिए आवेदन कर सकेंगे। DU के मुताबिक, एडमिशन के पहले दो राउंड में अब तक 71,000 से ज्यादा छात्रों ने 2026-27 सेशन के लिए अपना एडमिशन कंफर्म कर लिया है।
मिड-एंट्री के जरिए आवेदन करने वाले छात्रों को 1,000 रुपये की नॉन-रिफंडेबल फीस जमा करनी होगी। यानी एक बार फीस जमा करने के बाद इसे वापस नहीं किया जाएगा। मिड-एंट्री के लिए रजिस्ट्रेशन 3 अगस्त को सुबह 10 बजे से 5 अगस्त शाम 4:59 बजे तक किया जा सकेगा। इसके बाद छात्रों को अपने पसंदीदा कॉलेज और कोर्स की प्राथमिकता बदलने का मौका भी मिलेगा। इसके लिए 6 अगस्त सुबह 10 बजे से 7 अगस्त शाम 4:59 बजे तक प्रेफरेंस री-ऑर्डरिंग विंडो खुली रहेगी।
कब आएगा तीसरे राउंड का रिजल्ट
DU CSAS-UG 2026 के तीसरे राउंड में सीट अलॉटमेंट का रिजल्ट 8 अगस्त को शाम 5 बजे जारी किया जाएगा। जिन छात्रों को तीसरे राउंड में सीट मिलेगी, उन्हें 8 अगस्त से 10 अगस्त शाम 4:59 बजे तक अपनी सीट स्वीकार करनी होगी। इसके बाद संबंधित कॉलेज छात्रों के आवेदन की जांच और मंजूरी देंगे। कॉलेज वेरिफिकेशन और अप्रूवल की प्रक्रिया 8 अगस्त से 11 अगस्त शाम 4:59 बजे तक चलेगी।
एडमिशन लेने वाले छात्रों को फीस जमा करने के लिए 11 अगस्त शाम 4:59 बजे तक का समय दिया गया है।
DU CSAS-UG Round 3 Imp Date
- मिड-एंट्री रजिस्ट्रेशन: 3 अगस्त सुबह 10 बजे से 5 अगस्त शाम 4:59 बजे तक
- प्रेफरेंस री-ऑर्डरिंग: 6 अगस्त सुबह 10 बजे से 7 अगस्त शाम 4:59 बजे तक
- तीसरे राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट: 8 अगस्त शाम 5 बजे
- सीट स्वीकार करने की आखिरी तारीख: 10 अगस्त शाम 4:59 बजे
- कॉलेज वेरिफिकेशन और अप्रूवल: 8 अगस्त से 11 अगस्त शाम 4:59 बजे तक
- एडमिशन फीस जमा करने की आखिरी तारीख: 11 अगस्त शाम 4:59 बजे
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बिहार में 32,388 शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ, BPSC को भेजी गई TRE-4 की अधियाचना
कौन से अभ्यर्थी मिड-एंट्री के लिए पात्र नहीं हैं?
डीयू के दिशा-निर्देशों के अनुसार, निम्नलिखित छात्र मिड-एंट्री प्रक्रिया का लाभ नहीं उठा सकते:
- जिन्हें पिछले राउंड में सीट अलॉट हुई थी, लेकिन उन्होंने समय पर सीट स्वीकार (Accept) नहीं की या फीस जमा नहीं की।
- परफॉर्मेंस-बेस्ड प्रोग्राम्स (जैसे BFA, B.Sc Physical Education) और स्पोर्ट्स/ECA कोटा के अभ्यर्थी।
- सुपरन्यूमरेरी कोटे के तहत पहले ही दाखिला ले चुके छात्र।
प्रेफरेंस री-ऑर्डरिंग का सही तरीका
मिड-एंट्री का विकल्प चुनते समय 6 और 7 अगस्त को मिलने वाली 'प्रेफरेंस री-ऑर्डरिंग' विंडो का सोच-समझकर इस्तेमाल करें। राउंड 1 और राउंड 2 की बची हुई वेकेंट सीटों (Vacant Seats List) का विश्लेषण करें। जिस कॉलेज-कोर्स कॉम्बिनेशन में सीटें खाली हों और आपका स्कोर कटऑफ के करीब हो, उन्हें ही टॉप प्रेफरेंस में रखें।
'Query Status' की नियमित मॉनिटरिंग
सीट एक्सेप्ट करने के बाद कॉलेज आपके अपलोड किए गए दस्तावेजों का सत्यापन करता है। यदि किसी प्रमाण पत्र (जैसे मूल निवास, जाति या आय प्रमाण पत्र) में कोई अस्पष्टता होती है, तो कॉलेज डैशबोर्ड पर 'Query' रेज करता है। निर्धारित समय के भीतर क्वेरी का उत्तर न देने पर एडमिशन स्वतः निरस्त हो जाता है।
फीस भुगतान में न करें आखिरी समय का इंतजार
11 अगस्त शाम 4:59 बजे की डेडलाइन से काफी पहले अपनी एडमिशन फीस जमा कर दें। फीस जमा करने के बाद 'Fee Receipt' डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रखें। यदि आपके खाते से पैसे कट जाएं और पोर्टल पर 'Pending' दिखाए, तो तुरंत डीयू एडमिशन हेल्पलाइन को ईमेल करें और दोबारा पेमेंट करने के बजाय बैंक कंफर्मेशन का इंतजार करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: AFCAT 2 City Intimation Slip 2026 जारी, जानें कैसे करें डाउनलोड; 8 अगस्त को होगी परीक्षा
