दिसंबर और जनवरी की सर्दी जब हड्डियों तक पहुंचने लगती है, तब फैशन से पहले गर्माहट की चिंता होने लगती है। सुबह रजाई से निकलने का मन नहीं करता और बाहर निकलते ही ठंडी हवाएं परेशान करने लगती हैं। ऐसे मौसम में सिर्फ मोटे कपड़े पहनना काफी नहीं होता, बल्कि यह भी जरूरी है कि आपने किस फैब्रिक के कपड़े पहने हैं।
कई बार भारी स्वेटर पहनने के बाद भी शरीर को वह गर्माहट नहीं मिलती जिसकी जरूरत होती है। अगर आप इस बार सर्दियों की शॉपिंग करने वाले हैं, तो मेरिनो वूल को अपनी लिस्ट में जरूर रखें। यह खास तरह की ऊन होती है, जो गर्माहट देने के साथ पहनने में भी आरामदायक होती है। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि आपको गर्म रहने के लिए कई भारी कपड़ों की परतें पहनने की जरूरत नहीं पड़ती।
सर्दियों के लिए बेस्ट फैब्रिक
मेरिनो वूल खास मेरिनो नस्ल की भेड़ों से मिलने वाली ऊन से तैयार किया जाता है। इसके रेशे सामान्य ऊन की तुलना में काफी महीन और मुलायम होते हैं। यही वजह है कि इसे पहनने पर शरीर में चुभन कम महसूस होती है। जो लोग सामान्य ऊनी कपड़े पहनने से बचते हैं, उनके लिए यह अच्छा विकल्प हो सकता है।
इस फैब्रिक की सबसे बड़ी खूबी इसकी नेचुरल इंसुलेटिंग क्षमता है। यह शरीर की गर्माहट को बनाए रखने में मदद करता है और ठंडी हवा से बचाव देता है। इसलिए इससे बने स्वेटर, थर्मल और इनर सर्दियों में काफी उपयोगी हो सकते हैं।
नहीं आएगा पसीना
क्या आपके साथ ऐसा होता है कि बाहर ठंड लगती है, लेकिन घर या ऑफिस पहुंचते ही गर्मी महसूस होने लगती है? मेरिनो वूल की एक खासियत यह है कि यह नमी को सोखने और शरीर से बाहर पहुंचाने में मदद करता है। इससे कपड़ों के अंदर पसीने से होने वाली असहजता कम हो सकती है।
लंबे समय तक नया रखने के लिए करें देखभाल
मेरिनो वूल के कपड़ों को बार-बार धोने की जरूरत नहीं होती। जरूरत पड़ने पर लेबल के निर्देशों के अनुसार हल्के डिटर्जेंट और ठंडे पानी से साफ करें। इन्हें तेज धूप में सुखाने के बजाय छांव में समतल रखकर सुखाना बेहतर है।
भारत के शेखावटी, बीकानेर, नागौर और जयपुर के आस पास मिलने वाली चोकला भेड़ के ऊन को मेरिनो ऑफ इंडिया कहते हैं। इस सर्दी अगर एक ही अच्छे फैब्रिक पर पैसा खर्च करना है, तो मेरिनो वूल से बनी जैकेट या कार्डिगन जरूर खरीदें। यह गर्माहट, आराम और स्टाइल का ऐसा मेल है, जो ठंड के मौसम में आपकी अलमारी का पसंदीदा हिस्सा बन सकता
