CBSE Removed 12th Re Evaluation link from cbse.gov.in: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने 19 मई से क्लास 12 के स्टूडेंट्स के लिए रिवैल्यूएशन और आंसर शीट देखने की विंडो खोल दी थी लेकिन विंडो ओपन न होने की शिकायतों के बाद बोर्ड ने रिचेकिंग लिंक हटा दिया है। बता दें कि सीबीएसई रिवैल्यूएशन लिंक सुबह से ही वेबसाइट पर नजर आ रहा था लेकिन यह ओपन नहीं हो पा रहा था। छात्रों की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी शिकायत की गई तो सीबीएसई ने किसी भी तरह की तकनीकि खामी से इनकार किया। हालांकि शाम करीब छह बजे सीबीएसई ने बोर्ड से रिवैल्यूएशन लिंक हटा दिया।
इससे पहले CBSE के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने PTI को बताया था कि सुबह उन्हें कुछ छात्रों के फोन आए थे, जो लॉग-इन नहीं कर पा रहे थे, लेकिन उसके बाद कोई शिकायत नहीं मिली। उन्होंने कहा, "कभी-कभी जब छात्र कोई पेज खोलते हैं, तो पहले से सेव किया हुआ पेज दोबारा खुल जाता है। मैंने उन्हें कंप्यूटर रीस्टार्ट करने को कहा। उसके बाद मुझे कोई फोन नहीं आया।" उन्होंने उन छात्रों को भी सलाह दी, जिन्हें कुछ समय के लिए दिक्कत आ रही है, कि वे थोड़ी देर बाद फिर से कोशिश करें। उन्होंने आगे कहा, "अगर कभी वे ऐसा नहीं कर पाते हैं, तो इसका मतलब यह नहीं है कि वे लंबे समय तक एप्लिकेशन पर ही अटके रहेंगे। वे इंतजार कर सकते हैं और फिर दोबारा सबमिट कर सकते हैं।" भारद्वाज ने यह भी जोर देकर कहा कि पोर्टल ठीक से काम कर रहा है।
यूजर्स ने की तकनीकि खामियों की शिकायत
दिनभर सोशल मीडिया पर छात्र और उनके पैरेंट्स तकनीकि खामियों की शिकायत करते रहे। अनुराग त्यागी नाम के यूजर ने लिखा कि छात्रों को लिंक क्लिक करने पर 'service not available', 'unable to load captcha', exception "T" error और OTP error जैसी समस्याएं आ रही हैं।

CBSE Rechecking Window: छात्रों की शिकायत
एक अन्य यूजर ने लिखा कि पुनर्मूल्यांकन पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा है। हम OSM पर कैसे भरोसा कर सकते हैं? OSM के इस पोर्टल पर 90 लाख से भी ज़्यादा कॉपियां अपलोड की गई हैं। क्या इनमें कभी कोई गड़बड़ी नहीं आएगी? क्या यह कभी बंद नहीं होगा? क्या यह कभी फेल नहीं होगा? हम इस तरीके पर कैसे भरोसा कर सकते हैं?
वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि लिंक गायब हो गया है। CBSE मेरा पैसा लेकर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। लिंक अभी उपलब्ध नहीं है। बता दें कि सीबीएसई ने लिंक फिलहाल हटा लिया है। जल्द ही बोर्ड की ओर से खामियों को सुधारते हुए नए सिरे से लिंक एक्टिव किया जाएगा। हालांकि इस बारे में अभी कोई बयान बोर्ड की ओर से नहीं आया है। ऐसे में फिर एक बार छात्र टेंशन में आ गए हैं।
