BSEB Bihar Board 2023 News Update: क्या आप बिहार बोर्ड की परीक्षाएं देने जा रहे हैं, तो सावधान हो जाइये क्योंकि बिहार बोर्ड सख्ती से परीक्षा का आयोजन करने वाला है। इस बार नकल या फ्रॉड करने वालों के खिलाफ कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जो लोग अपने एडमिट कार्ड पर दूसरों को परीक्षाा हॉल में भेज देते हैं, उनके लिए नया अपडेट जारी किया गया है। बिहार बोर्ड 10वीं व 12वीं परीक्षा 2023 के दौरान फर्जी छात्र को आसानी से पकड़ने के लिए अहम कदम लिया जा रहा है।
नए अपडेट के अनुसार, बिहार में हर परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड से छात्रों की उपस्थिति पत्रक का मिलान किया जाएगा। इस दौरान यदि मिलान करने वाले को शक होगा कि छात्र फर्जी हो सकता है तो वह संबंधित छात्र की फोटो खींच कर बिहार बोर्ड को भेजेगा, ताकि इस तरह के फ्रॉड को रोका जा सके। इसके बाद बोर्ड तुरंत से फोटो का मिलान करेगा।
इस प्रक्रिया की वजह से परीक्षा हॉल में केवल वही छात्र शामिल हो सकेंगे जिन्होंने बिहार बोर्ड कक्षा 10वीं व 12वीं परीक्षा के लिए पंंजीकरण कराया है और रिकॉर्ड में एक जैसी फोटो है। अभी इस पर और जानकारी आना बाकी है, जल्द ही बोर्ड केंद्राधीक्षकों को इस संबंध में नोटिस भेजेगा।
वीक्षकों की होगी जिम्मेदारी
परीक्षा केंद्र पर फोटो मिलान की जिम्मेदारी वीक्षकों की होगी। इस दौरान यदि कोई छात्र फर्जी मिलता है और पकड़ा जाता है तो इसकी जिम्मेदारी भी वीक्षकों की होगी। यही नहीं किसी भी छात्र की बिना तलाशी लिए उसे परीक्षा हॉल में जाने की अनुमती नहीं होगी।
बताते चलें, अक्सर बोर्ड परीक्षाओं में नकल करने के मामले या फर्जी छात्र के मामले से जुड़ी खबरें आते रहती हैं, ऐसे में बिहार बोर्ड इस नए कदम से फ्रॉड को रोकने की कोशिश करेगा।
कब से हैं बिहार बोर्ड की परीक्षाएं
बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड, बीएसईबी ने कक्षा 10 और 12 बोर्ड परीक्षा 2023 के लिए पूरी डेट शीट कुछ दिन पहले जारी कर दी थी। बिहार बोर्ड 12वीं परीक्षा 1 फरवरी 2023 से शुरू होगी। कक्षा 12 बिहार बोर्ड की डेट शीट के अनुसार, 10 से 20 जनवरी, 2023 तक व्यावहारिक परीक्षा चलेंगी। जबकि बिहार बोर्ड कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा 14 फरवरी, 2023 से शुरू होगी।
कब तक आएगा बिहार बोर्ड 2023 का रिजल्ट
बिहार बोर्ड 2023 का रिजल्ट मार्च या अप्रैल 2023 में जारी होने की उम्मीद है। कंपार्टमेंट परीक्षा अप्रैल या मई 2023 में आयोजित की जा सकती है। हालांकि जल्द ही इस पर आधिकारिक जानकारी आ जाएगी।
