BSEB 12th Board Exam 2026 Guidelines: बिहार बोर्ड ने फरवरी 2026 में आयोजित होने वाली इंटरमीडिएट यानी 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए गाइडलाइंस जारी कर दी है, जिसे पढ़ना छात्रों के लिए बेहद जरूरी है। क्योंकि निर्देशों पर ध्यान न देने की छोटी सी गलती उन्हें परीक्षा से वंचित कर सकती है। परीक्षा न दे पाने की स्थिति में पूरा साल की मेहनत कुछ सेकेंड की लापरवाही खराब कर सकती है। तो आइए आपको बताएं बिहार बोर्ड द्वारा इंटरमीडियट बोर्ड परीक्षाओं के लिए जारी किए गए निर्देश क्या हैं। बता दें कि मुख्य तौर पर परीक्षा के लिए जारी गाइडलाइंस परीक्षा के समय और प्रवेश द्वार के बंद होने को लेकर है।
बिहार कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं कब होंगी?
बिहार बोर्ड द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट दिसंबर महीने में ही जारी कर दी गई थी। बीते सालों की तरह ही इस साल भी बिहार बोर्ड सबसे पहले 10वीं, 12वीं की परीक्षाओं का आयोजन कर रहा है। जानकारी के अनुसार, 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 2 फरवरी से 13 फरवरी तक किया जाएगा, जबकि 10वीं यानी हाईस्कूल की परीक्षाएं 17 फरवरी से 25 फरवरी तक आयोजित होंगी।
Bihar Board 12th Exam 2026 Guidelines: एग्जाम सेंटर को लेकर महत्वपूर्ण सूचना
इन्टरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, 2026 में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को सूचित किया जाता है कि परीक्षा का आयोजन 02 फरवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के समय से जुड़े कड़े नियम निम्नलिखित हैं:
परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और प्रवेश का समय
भीड़ भाड़ से बचने और सुरक्षा जांच के लिए परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा शुरू होने से 01 घंटा पहले केंद्र पर पहुँच जाएं।
| विवरण | प्रथम पाली (First Shift) | द्वितीय पाली (Second Shift) |
| परीक्षा शुरू होने का समय | सुबह 09:30 बजे | दोपहर 02:00 बजे |
| प्रवेश शुरू होने का समय | सुबह 08:30 बजे | दोपहर 01:00 बजे |
| गेट बंद होने का अंतिम समय | सुबह 09:00 बजे | दोपहर 01:30 बजे |
Bihar Board 12th Exam 2026 Guidelines: परीक्षा समय से 30 मिनट पहले बंद होंगे गेट
इस साल बिहार की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को बता दें कि परीक्षा के लिए दिए गए समय से 30 मिनट पहले सेंटर के गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसका अर्थ यह है कि यदि परीक्षा का समय सुबह 9.30 बजे का है तो 09:00 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं दूसरी शिफ्ट में यही परीक्षा का समय 2 बजे का है तो 1.30 बजे के बाद सेंटर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। देरी से आने वाले छात्र परीक्षा में नहीं बैठ पाएंगे, इसलिए छात्रों को निर्देश दिए जाते हैं कि गेट बंद होने के समय से पहले पहुंचे।
Bihar Board 12th Exam 2026 Guidelines: परीक्षा को लेकर जरूरी गाइडलाइंस
देरी होने पर प्रवेश वर्जित: यदि कोई परीक्षार्थी निर्धारित अंतिम समय (9:00 AM / 1:30 PM) के बाद पहुंचता है, तो उसे किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
छात्र की जिम्मेदारी: समय पर न पहुंचने के कारण यदि छात्र परीक्षा से वंचित रह जाता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं छात्र और अभिभावक की होगी।
बिहार बोर्ड का छात्रों से अनुरोध: सभी अभिभावकों और अधिकारियों से अनुरोध है कि वे छात्रों को समय पर केंद्र पहुंचने के लिए प्रेरित करें ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संचालित हो सके।
