एजुकेशन

बिहार सरकार का बड़ा फैसला, मैथिली-भोजपुरी समेत 5 भाषाओं में होगी पढ़ाई की तैयारी

बिहार के पांच जिलों में क्षेत्रीय भाषा संवर्धन केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों के जरिए मैथिली, मगही, भोजपुरी, अंगिका और बज्जिका भाषाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस पहल को मंजूरी दी है।

Image

बिहार में मैथिली-भोजपुरी समेत 5 भाषाओं में होगी पढ़ाई की तैयारी

Bihar Sets Up 5 Regional Language Centres: बिहार की क्षेत्रीय भाषाओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने नई पहल की है। अब राज्य के पांच जिलों में क्षेत्रीय भाषा संवर्धन केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों के जरिए मैथिली, मगही, भोजपुरी, अंगिका और बज्जिका भाषाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस पहल को मंजूरी दी है। इसे राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) के माध्यम से लागू किया जाएगा। इस योजना के तहत पांच जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) को क्षेत्रीय भाषा संवर्धन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप शुरू की जा रही है। सरकार ने पांच जिलों के DIET में अलग-अलग भाषाओं के लिए केंद्र बनाने का फैसला किया है। इनका ब्योरा इस प्रकार है:

जिलाकेंद्र में प्रमुख भाषा
दरभंगामैथिली
गयामगही
सारणभोजपुरी
भागलपुरअंगिका
मुजफ्फरपुरबज्जिका

शिक्षकों की ट्रेनिंग से लेकर भाषा पर रिसर्च तक होगी

इन केंद्रों का काम सिर्फ क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं रहेगा। यहां स्थानीय भाषाओं में पढ़ाई से जुड़ी सामग्री तैयार की जाएगी। शिक्षकों के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम और वर्कशॉप आयोजित होंगी। इसके अलावा क्षेत्रीय भाषाओं के साहित्य, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत का दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा।

हर केंद्र में पांच सदस्यों की एक समिति बनाई जाएगी। इसमें एक नोडल अधिकारी, एक भाषा विशेषज्ञ और तीन आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे। आमंत्रित सदस्यों के तौर पर शिक्षाविदों, लेखकों, लोक कलाकारों और शिक्षकों को शामिल किया जा सकता है।

ये समितियां संसाधन पुस्तकालय विकसित करने, पत्रिकाएं प्रकाशित करने और साहित्यिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी भी संभालेंगी।

बच्चों को अपनी भाषा में पढ़ने का मिलेगा मौका

सरकार का मानना है कि मातृभाषा में पढ़ाई होने से बच्चों को विषय समझने में आसानी होगी। इससे उनकी भाषा संबंधी समझ बेहतर होगी और पढ़ाई का माहौल भी अधिक सहज बन सकेगा। शिक्षा विभाग ने चयनित समितियों को 10 दिनों के भीतर SCERT को अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

वहीं, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने स्कूलों में पढ़ाई के समय शिक्षकों को मीटिंग, ट्रेनिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंस के लिए नहीं बुलाने का निर्देश भी दिया है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: SIDBI बैंक में नौकरी का शानदार मौका, सैलरी 1.45 लाख तक

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 13 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article