Delhi to Vaishno Devi Special Train: अब दिल्ली से माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए यात्रियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को जानकारी दी कि नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है। मंत्री ने अपने एक्स पोस्ट में बताया कि उत्तर रेलवे 12 और 13 दिसंबर 2025 को दो दिनों के लिए विशेष ट्रेन संख्या 04081/04082 का संचालन करेगा, ताकि जम्मू-कश्मीर स्थित पवित्र धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा मिल सके। ट्रेन संख्या 04081 रात 11:45 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:00 बजे कटरा पहुंचेगी।
कई स्टेशनों पर ठहराव करेगी ट्रेन
बता दें कि, यह ट्रेन सेवा अपने अंतिम गंतव्य कटरा पहुंचने से पहले पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू और शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर सहित कई स्टेशनों पर ठहराव करेगी। बढ़ती मांग को देखते हुए, भारतीय रेलवे ने सर्दियों के मौसम में फ्लाइट रद्द होने और यात्रियों की संख्या बढ़ने के बीच सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सहयोग शुरू किया है। सर्दियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए, भारतीय रेलवे ने 6 से 9 दिसंबर के बीच विभिन्न जोनों में 89 विशेष ट्रेन सेवाओं (100 से अधिक फेरे) की योजना बनाई। ये सेवाएं पिछले सप्ताह शुरू की गई थीं और तीन दिनों तक चलने का कार्यक्रम था, ताकि बढ़ती रेल यात्रा मांग के बीच यात्रियों को सुविधाजनक कनेक्टिविटी और सहज यात्रा मिल सके।
14 स्पेशल ट्रेन सर्विस
सेंट्रल रेलवे ने पैसेंजर की बढ़ती डिमांड को पूरा करने के लिए 14 स्पेशल ट्रेन सर्विस चलाईं। इनमें ट्रेन नंबर 01413/01414 पुणे-बेंगलुरु-पुणे; 01409/01410 पुणे-हजरत निजामुद्दीन-पुणे; 01019/01020 लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT)-मडगांव-LTT; 01077/01078 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT)-हजरत निजामुद्दीन-CSMT; 01015/01016 LTT-लखनऊ-LTT; 01012/01011 नागपुर-CSMT-नागपुर; 05587/05588 गोरखपुर-LTT-गोरखपुर; और 08245/08246 बिलासपुर-LTT-बिलासपुर शामिल हैं। साउथ ईस्टर्न रेलवे ने हाल ही में फ्लाइट कैंसिल होने के बाद डिमांड में बढ़ोतरी को संभालने के लिए स्पेशल ट्रेनों की योजना बनाई है। इनमें ट्रेन नंबर 08073/08074 संतरागाछी-येलहंका-संतरागाछी, ट्रेन नंबर 02870/02869 हावड़ा-सीएसएमटी-हावड़ा स्पेशल और ट्रेन नंबर 07148/07149 चेरलापल्ली-शालीमार-चेरलापल्ली शामिल हैं।
डिमांड को पूरा करने के लिए ट्रेनें
यात्रियों की ज्यादा भीड़ को मैनेज करने के लिए, साउथ सेंट्रल रेलवे ट्रेन नंबर 07148 चेरलापल्ली से शालीमार, ट्रेन नंबर 07146 सिकंदराबाद से चेन्नई एग्मोर और ट्रेन नंबर 07150 हैदराबाद से मुंबई LTT तक तीन स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। ईस्टर्न रेलवे ने हावड़ा, सियालदह और मुख्य जगहों के बीच स्पेशल ट्रेन सर्विस चलाईं। ट्रेन नंबर 03009/03010 हावड़ा-नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल, ट्रेन नंबर 03127/03128 सियालदह-LTT-सियालदह स्पेशल। वेस्टर्न रेलवे बढ़ी हुई ट्रैवल डिमांड को पूरा करने के लिए सात स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इनमें ट्रेन नंबर 09001/09002 मुंबई सेंट्रल-भिवानी सुपरफास्ट स्पेशल (हफ्ते में दो बार) शामिल है, जो 9 से 30 दिसंबर के बीच मुंबई सेंट्रल से हर मंगलवार और शुक्रवार और 10 से 31 दिसंबर के बीच भिवानी से हर बुधवार और शनिवार को चलेगी, यानी कुल 14 ट्रिप।
