Goa Nightclub Fire: गोवा पुलिस ने मंगलवार को 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब के मालिक अजय गुप्ता को हिरासत में ले लिया। वे इस नाइट क्लब के चार मालिकों में से एक हैं। अजय गुप्ता को बुधवार को गोवा लाया जाएगा, जहां उससे आगजनी की घटना के संबंध में पूछताछ की जाएगी। समुद्र किनारे बने 'बर्च बाय रोमियो लेन' क्लब में 6 दिसंबर की देर रात भीषण आग लगी थी। जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में राज्य पुलिस ने गुप्ता और एक अन्य मालिक सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया था। प्रशासन ने इस क्लब को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया है।
गोवा अग्निकांड में अब तक 6 लोग अरेस्ट
गोवा पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, "हमने नाइट क्लब के मालिकों में से एक अजय गुप्ता को हिरासत में लिया है। वह इस मामले में गिरफ्तार किये गये छठे व्यक्ति हैं।" उन्होंने कहा, "इससे पहले, उनके खिलाफ एक एलओसी जारी किया गया था क्योंकि पुलिस टीम उनके दिल्ली स्थित आवास पर उन्हें नहीं ढूंढ पाई थी।" उन्होंने बताया कि गुप्ता बाद में दिल्ली में पाए गए और उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
लूथरा भाइयों के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी
नाइट क्लब के दो और मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा अभी फरार चल रहे हैं। उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। रविवार शाम को लूथरा भाइयों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। लेकिन रविवार सुबह करीब 5 बजे ही दोनों थाईलैंड के लिए निकल चुके थे।एक पुलिस अधिकारी के अनुसार 'बर्च बाय रोमियो लेन' क्लब अरपोरा नदी के बैकवाटर के पास स्थित है। जिसमें आने-जाने का रास्ता काफी संकरा है। इस कारण पीड़ित समय पर आग से बाहर नहीं निकल पाए।
(इनपुट - भाषा)
