दिल्ली

Delhi Accident: मंगोलपुरी और कृष्णा नगर में दर्दनाक सड़क हादसा, 2 लोगों की मौत

दिल्ली के मंगोलपुरी में एक ट्रक और स्कटूर की आमने-सामने से टक्कर हो गई। जिसमें स्कूटर सवार युवती की मौत हो गई। टक्कर के कारण वह ट्रक के टायर के नीचे आ गई। वहीं कृष्णा नगर में एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे एक शख्स की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

Image

दिल्ली में दर्दनाक हादसा

Delhi Accident News: दिल्ली के मंगोलपुरी और कृष्णा नगर इलाके में दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। मंगोलपुरी में एक स्कूटर सवार युवती को ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। जिससे वह ट्रक के नीचे आ गई और टायर से उसका सर कुचल गया। जिससे युवती की मौके पर ही मौत हो गई। युवती मंगोलपुरी की रहने वाली बताई जा रही है, जिसकी कुछ समय पहले ही शादी हुई थी। वहीं पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर में एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे 22 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। इस हादसे में दो लोग घायल भी हो गए।

बाइक को टक्कर मारकर डिवाइडर पर चढ़ी कार

पुलिस के अनुसार कृष्णा नगर में हादसे की सूचना सोमवार तड़के चार बजकर 10 मिनट पर मिली। पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) प्रशांत गौतम ने कहा, “एक क्षतिग्रस्त बुलेट मोटरसाइकिल सड़क पर पड़ी मिली जबकि दुर्घटना में शामिल लाल रंग की कार डिवाइडर पर चढ़ी हुई मिली, जिसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। इससे पता चलता है कि टक्कर काफी जोरदार थी।” अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि मोटरसाइकिल सवार खुरेजी निवासी सहबाज (22) को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे खुरेजी निवासी समीर (21) का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि संगम विहार निवासी कार चालक ऋषभ (28) भी घायल हो गया जिसका उपचार हेडगेवार अस्पताल में जारी है। अधिकारी ने बताया कि ऋषभ के साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने कार और बाइक को किया जब्त

पुलिस उपायुक्त गौतम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, वाहनों की तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर ही घटनाक्रम स्पष्ट हो पाएगा। उन्होंने कहा, “प्रारंभिक जानकारी के आधार पर लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने के कारण मौत होने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। (कार चालक के) फरार साथी का पता लगाने के लिए जांच जारी है और यह भी पता लगाने के प्रयास किए जा रहे है कि क्या दुर्घटना तेज गति से वाहन चलाने या किसी अन्य लापरवाही के कारण हुई।” पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है और दुर्घटना प्रभावित सभी लोगों के परिवारों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि क्या दुर्घटना के समय कार चालक नशे में था। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article