बिजनेस

iPhone बनाने वाली कंपनी डिफॉल्टर! NCLT में मामला, मंडराया दिवालिया होने का खतरा?

भारत में एपल के लिए iPhone बनाने वाली दिग्गज कंपनी Foxconn पर करीब 143 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं करने का आरोप है। यह भुगतान कई महीनों से अटका है और मामला अब NCLT में पहुंच चुका है।

Image

आईफोन बनाने वाली फॉक्सकॉन संकट में है।

iPhone Maker Foxconn in NCLT : दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में शामिल Foxconn की भारत में मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। Apple के iPhone असेंबल करने वाली इस कंपनी की भारतीय यूनिट पर वेंडर्स का भुगतान नहीं करने के आरोप लगे हैं। मामला अब नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) तक पहुंच गया है। एक कंपनी ने करीब 143 करोड़ रुपये यानी 15.3 मिलियन डॉलर की वसूली के लिए इंसॉल्वेंसी याचिका दाखिल की है।

यह विवाद बेंगलुरु स्थित Foxconn के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से जुड़ा है। यहां काम करने वाली महिला कर्मचारियों के रहने के लिए Foxconn ने 700 रिहायशी यूनिट किराये पर ली थीं। इन फ्लैट्स का किराया और यूटिलिटी बिल चुकाने की जिम्मेदारी Foxconn की थी। लेकिन आरोप है कि कंपनी ने समय पर भुगतान नहीं किया।

Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, BCD Emprasa LLP नाम की कंपनी ने 12 अगस्त को NCLT की चेन्नई बेंच में याचिका दाखिल की थी। इसमें Foxconn Hon Hai Technology India Mega Development Pvt. से बकाया रकम के साथ ब्याज, सर्विस चार्ज और हर्जाने की मांग की गई है।

143 करोड़ रुपये का बकाया

BCD Emprasa LLP का आरोप है कि Foxconn ने कर्मचारियों के आवास के किराये और यूटिलिटी बिल का भुगतान नहीं किया। कंपनी ने 8 जुलाई तक के बकाये की गणना करते हुए करीब 143 करोड़ रुपये का दावा किया है। यह रकम अमेरिकी डॉलर में करीब 15.3 मिलियन डॉलर है। BCD ने सिर्फ मूल बकाया ही नहीं, बल्कि उस पर ब्याज, सर्विस चार्ज और भुगतान में देरी से हुए नुकसान की भरपाई भी मांगी है। कंपनी ने अपने ईमेल जवाब में कहा है कि Foxconn की ओर से भुगतान में हुई चूक के कारण उसे गंभीर वित्तीय नुकसान और कारोबारी क्षति उठानी पड़ी है। हालांकि, BCD ने यह भी स्पष्ट किया है कि मामला फिलहाल NCLT में विचाराधीन है।

क्यों किराये पर लिए 700 फ्लैट?

इस पूरे विवाद की शुरुआत अप्रैल 2024 में हुए एक समझौते से हुई। Foxconn ने अपनी बेंगलुरु फैसिलिटी में काम करने वाली महिला कर्मचारियों के रहने के लिए BCD Emprasa से 700 रिहायशी यूनिट किराये पर ली थीं। इस समझौते में किराये को लेकर एक खास शर्त थी। Foxconn को फ्लैट खाली रहने की स्थिति में भी किराया चुकाना था। यानी फ्लैट में कर्मचारी रहें या नहीं, कंपनी को उसका भुगतान करना जरूरी था। समझौते के मुताबिक, लॉक-इन अवधि जुलाई 2026 तक थी। लेकिन BCD की याचिका में आरोप लगाया गया है कि Foxconn ने मई 2025 में देय एक इनवॉयस का भुगतान नहीं किया। BCD का कहना है कि भुगतान में चूक के बावजूद विवाद सुलझाने के लिए आर्बिट्रेटर नियुक्त करने पर भी Foxconn सहमत नहीं हुई। इसके बाद कंपनी ने बकाया रकम की वसूली के लिए NCLT का रुख किया।

4 और कंपनियों का भी पेमेंट अटका

Foxconn के लिए परेशानी सिर्फ BCD Emprasa तक सीमित नहीं है। Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की भारतीय यूनिट से जुड़े करीब आधा दर्जन वेंडर्स भुगतान में देरी का सामना कर रहे हैं। मामले से परिचित लोगों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि BCD के अलावा कम से कम चार अन्य वेंडर्स को भी कई महीनों से लेकर एक साल से ज्यादा समय तक का भुगतान नहीं मिला है। इनमें से कई कंपनियां बेंगलुरु स्थित Foxconn प्लांट में निर्माण से जुड़े काम कर रही थीं। खास बात यह है कि इनमें से कई वेंडर्स पहली बार Foxconn के साथ काम कर रहे थे।

हालांकि, दूसरे वेंडर्स का कुल बकाया कितना है, इसका आंकड़ा सामने नहीं आया है। इसलिए 143 करोड़ रुपये को सभी कंपनियों का कुल बकाया नहीं माना जा सकता। यह रकम BCD Emprasa के दावे से जुड़ी है।

क्या दिवालिया हो सकती है Foxconn?

NCLT में इंसॉल्वेंसी याचिका दाखिल होने से Foxconn की मुश्किलें जरूर बढ़ी हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कंपनी दिवालिया घोषित हो गई है या उसके खिलाफ दिवालिया प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। भारत में कंपनियां बकाया भुगतान वसूलने के लिए इंसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड (IBC) के तहत NCLT का दरवाजा खटखटाती हैं। यदि ट्रिब्यूनल याचिका को स्वीकार करता है और कानूनी शर्तें पूरी होती हैं, तो संबंधित कंपनी के खिलाफ कॉरपोरेट इंसॉल्वेंसी रेजोल्यूशन प्रोसेस (CIRP) शुरू हो सकती है। इस मामले में भी फिलहाल BCD ने वसूली के लिए याचिका दाखिल की है। NCLT का अंतिम फैसला सामने आना बाकी है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article