Delhi AQI Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति फिलहाल 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है और हवा की गुणवत्ता में कोई बड़ा सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 228 दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार को राजधानी का औसत AQI 227 रिकॉर्ड किया गया था, जिससे साफ है कि शहर की आबो-हवा लगभग उसी स्तर पर ठहरी हुई है।
प्रमुख इलाकों का हाल: आनंद विहार, डीटीयू और नॉर्थ कैंपस में आंकड़ा 300 के पार
दिल्ली के विभिन्न निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण के स्तर में साफ अंतर देखा जा रहा है। सुबह 7 बजे के आंकड़ों के अनुसार आनंद विहार में AQI 336 और डीटीयू में 332 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी की स्थिति को दिखाता है। इसके अलावा नॉर्थ कैंपस में AQI 313, बुराड़ी क्रॉसिंग में 305, इग्नू मैदानगढ़ी में 302 और पूसा में 300 दर्ज किया गया। कई अन्य प्रमुख स्थानों पर भी प्रदूषण का स्तर 'खराब' श्रेणी के ऊपरी दायरे में बना हुआ है, जिनमें आईटीओ में 297, सिरीफोर्ट में 296 और सीआरआरआई मथुरा रोड में 288 AQI शामिल है।
इन इलाकों में हालात कुछ बेहतर
शहर के मध्य और अन्य हिस्सों में कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर AQI 278, पंजाबी बाग में 276, जबकि चांदनी चौक और घोगा में 275 दर्ज किया गया। बुराड़ी में AQI 268, बवाना में 264, आईआईटी और वजीरपुर में 254, आया नगर में 251, छावला में 246 तथा मुंडका में 244 रिकॉर्ड किया गया। रोहिणी में AQI 237, नेहरू नगर में 236, अशोक विहार में 226 और अलीपुर में 216 दर्ज किया गया।
दूसरी ओर, कुछ इलाकों में स्थिति अपेक्षाकृत कम खराब रही है। आईजीआई एयरपोर्ट पर AQI 191, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 190, बदरपुर में 181, टिकरी कलां में 176, द्वारका सेक्टर 8 में 173, वसुंधरा एन्क्लेव में 164, एनएसआईटी द्वारका में 160, पटपड़गंज में 148 और आईएमडी लोधी रोड पर सबसे कम 147 AQI दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
क्या कहते हैं CPCB के मानक
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के पैमाने के अनुसार, 0 से 50 के बीच का AQI 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है। इस लिहाज से दिल्ली का औसत स्तर 'खराब' श्रेणी में बना हुआ है, जबकि शहर के कई इलाकों में दर्ज आंकड़े 'बहुत खराब' श्रेणी के स्तर को छू रहे हैं। प्रदूषण के इस स्तर के कारण सुबह और देर रात के समय हवा की गुणवत्ता को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत बनी हुई है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और श्वसन या हृदय से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए बाहर निकलते समय सावधानी अहम मानी जा रही है।
