Delhi Police: स्पेशल स्टॉफ और ‘नमस्ते गैंग’ के बीच अलसुबह बड़ी मुठभेड़, एक बदमाश को लगी गोली, 2 गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 4, 2022, 07:03 PM IST

Delhi Police: लोगों के साथ लूट करने के बाद नमस्‍ते कर फरार होने वाले दोनों बदमाशों को दिल्‍ली पुलिस ने वीरवार सुबह एक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। ये दोनों विवेक विहार जा रहे थे, जहां पर पहले से तैयार बैठी पुलिस ने दोनों को घेर लिया। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में एक बदमाश घायल हुआ है।

Delhi Police: स्पेशल स्टॉफ और ‘नमस्ते गैंग’ के बीच अलसुबह बड़ी मुठभेड़, एक बदमाश को लगी गोली, 2 गिरफ्तार
Photo Credit: Representative Image

Delhi Police: दिल्‍ली पुलिस की स्‍पेशल स्‍टॉफ और नमस्‍ते गैंग के सदस्‍यों के बीच वीरवार सुबह विवेक विहार इलाके में मुठभेड़ हो गई। खुद को पुलिस के बीच घिरा देखकर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस की तरफ से की गई जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, वहीं एक साथी को गोली लगी देख दूसरे साथी ने भी हथियार डाल दिया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। पकड़े गए दोनों बदमाशों की पहचान यूपी के फरुखनगर का रहने वाला अफजल और मेरठ का रहने वाला शहजाद के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी देते हुए दिल्‍ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि, इस मुठभेड़ में पकड़े गए दोनों बदमाशों ने दो दिन पहले ही सीमापुरी व विवेक विहार में लूट की दो वारदातों को अंजाम दिया था। लूट के बाद ये दोनों बदमाश पीड़ितों को नमस्ते करके फरार हुए थे, जिस कारण से पुलिस इन्‍हें तब से नमस्‍ते गैंग के नाम से बुला रही थी। लूट की घटना के बाद से ही स्‍पेशल स्‍टॉफ इन बदमाशों की तलाश में जुटी थी और आज यानी वीरवार भोर में बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई।

बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई एसआई की जान

अधिकारियों ने बताया कि, स्पेशल स्टॉफ को गुप्‍त सूचना मिली थी कि, लूट के बाद नमस्‍ते करने वाले दोनों बदमाश वीरवार सुबह विवेक विहार आने वाले हैं। जिसके बाद उच्‍च अधिकारियों के निर्देश पर इंस्पेक्टर विकास कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। इस टीम ने सुबह 3 बजे से ही विवेक विहार की तरफ आने वाली सड़क पर नाकेबंदी कर दी। ये दोनों बदमाश सुबह करीब 4:45 बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर विवेक विहार पहुंचे। यहां पुलिस की नाकेबंदी देख ये भागने लगे। जब पुलिस टीम इन बदमाशों को पकड़ने दौड़ी तो बदमाशों ने फायर करना शुरू कर दिया। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पिस्‍टल से दो राउंड गोली चलाई। जिसमें से एक गोली एसआई प्रशांत की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस की फायरिंग में एक गोली अफजल नाम के बदमाश के पैर में जा लगी। जिसके बाद दोनों को दबोच लिया गया।

End of Article