दिल्ली में कोरोना से ठीक हो चुके मरीज फिर आ रहे इस संक्रमण की चपेट में

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 17, 2020, 06:39 PM IST

Delhi Coronavirus: दिल्ली के कुछ अस्पतालों का कहना है कि कोरोना वायरस से ठीक हो चुके कुछ मरीज फिर से संक्रमित होकर उनके पास आ रहे हैं।

दिल्ली में कोरोना से ठीक हो चुके मरीज फिर आ रहे इस संक्रमण की चपेट में

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में कुछ अस्पतालों का कहना है कि कोरोना वायरस से ठीक हो चुके कुछ मरीज फिर से संक्रमित होकर उनके पास आ रहे हैं। दिल्ली सरकार द्वारा संचालित राजीव गांधी सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में इस महीने की शुरुआत में दो मरीजों के कोरोना वायरस से उबरने के करीब डेढ़ महीने बाद वे फिर से संक्रमित हो गए। फिर से संक्रमण के दोनों मामलों में रोगियों में मध्यम लक्षण थे।

द्वारका में आकाश हेल्थकेयर में भी एक मामला सामने आया जहां कैंसर का एक रोगी कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद ठीक हो गया और कुछ महीने बाद वह फिर से संक्रमित हो गया। दूसरी बार रोगी की संक्रमण से मौत हो गई। दिल्ली का एक पुलिसकर्मी पिछले महीने फिर से कोरोना वायरस से संक्रमित हो गया था, जिससे विशेषज्ञ हैरान हैं। 

राष्ट्रीय राजधानी में नगर निगम द्वारा संचालित कोविड-19 के अस्पताल में काम करने वाली एक नर्स कोरोना वायरस से उबरने के बाद दोबारा संक्रमित हो गई। दिल्ली सरकार द्वारा संचालित अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. बी. एल. शेरवाल के मुताबिक जब तक वायरस संवर्द्धन का पता नहीं चल जाता या उसके जीन की सिक्वेंसिंग नहीं कर ली जाती है तब तक यह पता करना मुश्किल है कि क्या वायरस के दूसरे स्ट्रेन ने व्यक्ति को दूसरी बार संक्रमित किया है?
 

End of Article