MCD Elections: एमसीडी चुनाव के लिए दिल्ली कांग्रेस ने शुरू की 'पोल-खोल' यात्रा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 26, 2021, 06:54 AM IST

एमसीडी चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। इस संबंध में कांग्रेस की तरफ से पोल खोल यात्रा के जरिए बीजेपी पर निशाना साधा जा रहा है।

MCD Elections: एमसीडी चुनाव के लिए दिल्ली कांग्रेस ने शुरू की 'पोल-खोल' यात्रा

दिल्ली में सत्ता की राह तलाश रही कांग्रेस ने बीजेपी शासित  एमसीडी के शासन के खिलाफ पोल-खोल यात्रा शुरू कर दी है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार की अगुवाई में ये यात्रा सदर बाजार विधानसभा से शुरू हुई. इस यात्रा का मकसद भाजपा और आम आदमी पार्टी के शासन की नाकामियों को जनता के बीच उजागर करना है। 70 दिनों तक चलने वाली 'पोल-खोल' यात्रा दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं के 272 वार्ड में निकलेगी. 700 किलोमीटर लंबी यात्रा में कांग्रेस के कार्यकर्ता कांग्रेस की विचारधारा से आम लोगों को जोड़ने की कोशिश करेंगे. साथ ही साथ पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शीला दीक्षित की 15 साल की सरकार की उपलब्धियों को भी बताएगी।

बीजेपी और आप राज में विकास कार्य ठप
यात्रा को शुरू करते हुए डीपीसीसी अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा कि एमसीडी में बीजेपी राज के 15 साल और दिल्ली में केजरीवाल के 7 के शासन ने दिल्ली के विकास की रफ़्तार ठप कर दी है. उन्होंने कहा कि एमसीडी से दिल्लीवासी परेशान हैं, क्योंकि सफाई व्यवस्था दिल्ली में ध्वस्त हो चुकी है, कॉलोनियों की गलियों से सड़कों तक गंदगी और कूड़े का ढेर लगा हुआ है. मानसून के बाद बजबजाती नालियां डेंगू, मलेरिया व वायरल बुखार फैल रही हैं।


दिल्ली की जनता हर मोर्चे पर परेशान

कोविड महामारी के दौरान लोगों को हुई परेशानी पर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार और एमसीडी ने दिल्ली को भगवान भरोसे छोड़ दिया था.पोल-खोल यात्रा में कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, वेतन में देरी, मुफ्त-बिजली पानी के नाम पर हो रही लूट, गन्दे पानी की सप्लाई, प्रदूषण, निगम में भ्रष्टाचार, महंगे होते डीजल-पेट्रोल-रसोई गैस का का मुद्दा जनता के सामने उठाएगी.

End of Article