Delhi: आप विधायक अमानतुल्लाह खान गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया, पत्नी ने कहा- उनकी जान को खतरा है

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 12, 2022, 11:32 PM IST

Amanatullah Khan: आप विधायक अमानतुल्लाह खान को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर अतिक्रमण विरोधी अभियान में बाधा डालने का आरोप है। पहले उन्हें मदनपुर खादर में हिरासत में लिया गया था।

Delhi: आप विधायक अमानतुल्लाह खान गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया, पत्नी ने कहा- उनकी जान को खतरा है

आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर में दिल्ली पुलिस ने पहले उन्हें मदनपुर खादर में हिरासत में लिया था। यहां दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (SDMC) अतिक्रमण विरोधी अभियान चला रही थी। उन्हें अभियान में बाधा डालने के आरोप में अन्य लोगों के साथ हिरासत में लिया गया था। दिल्ली पुलिस ने कहा कि कालिंदी कुंज पुलिस स्टेशन के मदनपुर खादर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के अभियान में अमानतुल्लाह खान को 5 अन्य समर्थकों के साथ केस एफआईआर नंबर 246/2022 यू/एस 186/333/353/147/148/149/ 153 दंगा करने और लोक सेवकों को कर्तव्य के निर्वहन में बाधा डालने के लिए गिरफ्तार किया गया। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अमानतुल्लाह ने ट्वीट किया कि दिल्ली पुलिस ने मुझे गिरफ्तार कर लिया है। मुझे कैद कर सकते हैं, मेरे हौसले को नहीं। एसडीएमसी अधिकारियों ने कहा कि अभियान के दौरान अवैध रूप से निर्मित चार इमारतों और अन्य अस्थायी संरचनाओं को तोड़ा गया। एक अधिकारी ने कहा कि हमने इलाके में अवैध रूप से बनी चार इमारतों को निशाना बनाया। दो को पूरी तरह से तोड़ दिया गया जबकि अन्य दो को आंशिक रूप से ध्वस्त कर दिया गया और फिर सील कर दिया गया। अस्थायी ढांचे को भी हटाया गया। 

खान ने आरोप लगाया कि मदनपुर खादर में अभियान गरीबों के खिलाफ था क्योंकि उन्होंने अपने समर्थकों से क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन करने की अपील की थी। आप विधायक ने कहा कि मैं गरीबों के घरों को बुलडोजर से नहीं गिरने दूंगा। हम भी अतिक्रमण के खिलाफ हैं। हमें बताएं और हम उन्हें हटा देंगे। यहां कोई अतिक्रमण नहीं है। 

अमानतुल्लाह खान की पत्नी शाफिया ने कहा कि ओखला से विधायक मेरे शौहर अमानतुल्लाह खान को दिल्ली पुलिस पकड़ कर ले गयी, पिछले 4-5 घंटों से उनकी कोई खबर नहीं है। मुझे डर है कि उनके साथ कोई अनहोनी ना हो, उनकी जान को खतरा है।

End of Article