क्राइम

मामूली कहासूनी का खूनी अंजाम; शालीमार बाग इलाके में युवक की चाकू से हत्या, 4 घंटे में सुलझा मामला

नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में एक युवक की चाकू मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज चार घंटे के भीतर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। इस वारदात ने उस वक्त और ध्यान खींचा, जब मुख्य आरोपी ने घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया।

Image

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर हुई चाकूबाजी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Shalimar Bagh Murder Case: नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के शालीमार बाग थाना इलाके में एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात को शालीमार बाग पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि इस हत्या को आसपास के ही कुछ युवकों ने अंजाम दिया था। घटना के बाद एक आरोपी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट भी साझा की, जिससे मामला और चर्चा में आ गया।

बीती रात मिली वारदात की खबर

पुलिस के अनुसार यह घटना बीती रात की है, जब हैदरपुर नहर के पास चाकूबाजी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायल 20 वर्षीय नितेश उर्फ निक्की को तुरंत डॉ. आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शालिमार बाग की टीम ने तुरंत जांच शुरू की।

जांच में क्या आया सामने?

जांच में पता चला कि मामूली विवाद के बाद 18 वर्षीय मुख्य आरोपी तरुण उर्फ करण ने अपने दो साथियों 22 वर्षीय मोंटी और एक किशोर के साथ मिलकर नितेश पर हमला किया। इस दौरान करण ने उस पर चाकू से कई बार वार किए, जिससे उसकी जान चली गई।

चार घंटे के अंदर पकड़ा आरोपियों को

स्थानीय इनपुट और तकनीकी निगरानी (टेक्निकल सर्विलांस) की सहायता से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर ही तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

मुख्य आरोपी ने इंस्टाग्राम पर कही ये बात

मुख्य आरोपी 18 वर्षीय तरुण उर्फ कर्ण ने वारदात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में उसने कहा कि रात करीब 11:22 बजे उसने एक हत्या की है और अब वह कुछ दिनों के लिए जेल जाने वाला है। साथ ही उसने अपने दोस्तों और परिचितों के लिए संदेश देते हुए उनसे प्यार जताने की बात कही।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article