Mother Killed Three Child in Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले (Mirzapur) के संत नगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक महिला ने पति से विवाद के चलते कथित तौर पर अपने तीन बच्चों को कुएं में फेंक दिया, जिससे तीनों की मौत हो गयी।पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गयी है, पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला ने खुद को भी आग लगा ली थी हालांकि, वह बच गयी है।
आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने बताया कि अपने तीन बच्चों को कुएं में फेंकने की आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।पुलिस के अनुसार, ग्राम पजरा निवासी अमरजीत कोल के बच्चे आकाश (8), कृति (2) और अनु (1) की कुएं में गिरने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस के उच्च अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।
पति-पत्नी के संबंध आपस में अच्छे नहीं हैं
पुलिस ने बचाव अभियान शुरू करते हुए कृति व अनु के शव को कुएं से बाहर निकलवाया, जबकि आकाश का शव काफी तलाश के बाद निकाला जा सका।पुलिस ने छानबीन में मिली जानकारी के हवाले से बताया कि घर पर अमरजीत की पत्नी चंदा अपने तीनों बच्चों के साथ रहती थी। पति-पत्नी के संबंध आपस में अच्छे नहीं हैं। अमरजीत पेशे से मजदूर है जबकि उसकी पत्नी घर पर रहती है। पुलिस ने दावा किया कि दोनों में हमेशा विवाद होता रहता था, इससे ऊब कर महिला ने अपने तीनों बच्चों को कुएं में फेंक दिया।
