Deh Vyapar: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले (Mathura Hotel Raid) से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे बने दो होटलों में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार के काले कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शनिवार की रात पुलिस की विशेष टीमों ने गुप्त सूचना के आधार पर इन होटलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 13 युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि जबरन इस दलदल में धकेली गईं 6 युवतियों को सुरक्षित मुक्त कराया गया है।
महावन क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (Mathura Police) संजीव कुमार राय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को इन होटलों में संदिग्ध गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शनिवार रात दो अलग-अलग टीमों का गठन कर एक साथ दोनों होटलों पर छापा मारा गया। पकड़ी गईं युवतियां उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के अलावा दिल्ली, पंजाब और पश्चिम बंगाल जैसे अलग-अलग राज्यों की रहने वाली हैं। पुलिस इन सभी युवतियों को संरक्षण में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: फरीदाबाद में स्कॉर्पियो से कुचलकर युवक की बेरहमी से हत्या, दो दिन पहले जेल से पैरोल पर आए आरोपी की करतूत CCTV में कैद
17 मोबाइल फोन और भारी मात्रा में नकदी बरामद
पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान होटलों के कमरों से बड़ी संख्या में आपत्तिजनक सामग्री, अश्लील तस्वीरें, करीब 17 मोबाइल फोन और भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से जिन 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम श्यामसुन्दर, सुनील कुमार, पवन, मनीष, कौशल, कय्यूम, नरेश, बाबूलाल, अमित, अमित कुमार, अजय, राजू और रामनिवास हैं। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने क्या कहा?
इस पूरी कार्रवाई के बाद से इलाके के होटल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस अनैतिक धंधे को शह देने वाले होटल मालिकों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल दोनों होटलों के मालिक मौके से फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
