Umesh Pal Murder case: सीएम योगी की चेतावनी के कुछ घंटों के अंदर ही यूपी पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड के एक आरोपी का एनकाउंटर कर दिया है। जिस बदमाश का यूपी पुलिस ने एनकाउंटर किया है, उसका नाम अरबाज है और वो बाहुबली अतीक अहमद का करीबी बताया जा रहा है।
स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने किया एनकाउंटर
उत्तर प्रदेश पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप और जिला पुलिस ने प्रयागराज के नेहरू पार्क में आरोपी अरबाज का एनकाउंटर किया है। कहा जा रहा है कि पुलिस को अरबाज के वहां होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और अरबाज को सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन अरबाज ने पुलिस टीम पर गोली चला दी, जिसके बाद पुलिस की तरफ से हुई फायरिंग में अरबाज मारा गया।
कौन था उमेश पाल
उमेश पाल उस राजू पाल हत्याकांड का गवाह था, जिसमें यूपी के माफिया डॉन और बाहुबली नेता अतीक अहमद फंसा हुआ है। अतीक अहमद फिलहाल जेल में बंद है। अतीक पर आरोप है कि उसने चुनावी हार का बदला लेने के लिए सपा विधायक राजू पाल की हत्या करवा दी थी।
दिन दहाड़े हुई थी हत्या
राजू पाल हत्या कांड के मुख्य गवाह उमेश पाल को पिछले शुक्रवार को सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल तब कोर्ट की सुनवाई में भाग लेकर अपने घर लौट रहे थे। तभी घात लगाए गैंगस्टरों ने उनपर गोलियों और बमों से हमला कर दिया था।
