नए साल की पूर्व संध्या गोलीबारी से दहला मंदसौर, ज्वेलरी कारोबारी और उनकी पत्नी सहित तीन को गोलियों से भूना
- Agency by: Agency
- Updated Dec 31, 2025, 11:08 PM IST
मध्यप्रदेश के मंदसौर में शहर के सबसे व्यस्त गोल चौराहा इलाके में गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस वारदात में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
सांकेतिक तस्वीर।
मध्यप्रदेश के मंदसौर शहर में नए साल की पूर्व संध्या पर गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। शहर के व्यस्त गोल चौराहा इलाके में हुई इस वारदात में एक ज्वेलरी कारोबारी, उनकी पत्नी और एक अन्य युवक को गोलियों से भून दिया गया। घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने ज्वेलरी कारोबारी और उनकी पत्नी पर उनके घर के नीचे स्थित ऑफिस में ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसी दौरान वहां मौजूद एक अन्य युवक भी गोली लगने से मारा गया। वारदात के पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं हो पाई है, हालांकि शुरुआती जांच में किसी बड़े लेन-देन को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है।
रात करीब 8 बजे दिया वारदात को अंजाम
बुधवार रात करीब 8 बजे गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। एसपी विनोद कुमार मीणा ने मौके का मुआयना किया और जांच टीमों को दिशा-निर्देश दिए।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
घटनास्थल से पुलिस ने एक बंदूक और एक चाकू बरामद किया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जब्त की गई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।