Punjab Police : पंजाब पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। उसने पाकिस्तान में छिपे आतंकवादी हरविंदर सिंह रिंदा से जुड़े उसके छह साथियों को गिरफ्तार किया। रिंदा के ये साथी राज्य में बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और मोहाली पुलिस ने मिलकर ये गिरफ्तारी की। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार और गोलाबारूद बरामद हुए हैं।
पांच पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इनमें से एक आरोपी पटियाला में गत अप्रैल में हुए दोहरे हत्याकांड में शामिल है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये सभी राज्य में बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। इनके पास से पांच पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
कौन है रिंदा
रिंदा पंजाब के तरनतारन जिले का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार रिंदा ने 18 साल की उम्र में पारिवारिक विवाद के चलते तरनतारन में अपने एक रिश्तेदार की हत्या कर दी थी। नांदेड़ साहिब में उसने स्थानीय व्यापारियों से जबरन वसूली शुरू कर दी और दो लोगों की हत्या कर दी। पुलिस को उसे कई मामलों में तलाश है। 8 नवंबर 2021 को नवांशहर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की इमारत पर आतंकी हमले को अंजाम देने के पीछे हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा का ही हाथ बताया जाता है। इस घटना के बाद से वह गायब है।
