Shilpa Shetty : मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने कथित 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी का बयान दर्ज किया है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने शिल्पा से लगभग 5 घंटे तक पूछताछ की। EOW के सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने शिल्पा से उनके आवास पर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान, शिल्पा शेट्टी ने अपनी विज्ञापन कंपनी के बैंक खाते में कथित लेनदेन की जानकारी दी। पूछताछ के दौरान, शिल्पा ने पुलिस को कई दस्तावेज उपलब्ध कराए, जिनकी जांच अधिकारी कर रहे हैं।
विदेश यात्रा पर जाना चाहती हैं शिल्पा
EOW की यह पूछताछ शिल्पा शेट्टी की भूमिका और कथित वित्तीय लेन-देन में उनकी किसी भी संभावित संलिप्तता पर केंद्रित थी। देर रात 1:30 बजे पुलिस की EOW की टीम शिल्पा के जुहू स्थित बंगले पहुंची थी इससे पहले, शिल्पा शेट्टी और उनके व्यवसायी पति राज कुंद्रा ने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाकर उनके खिलाफ जारी लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) को निलंबित करने की मांग की थी, जिससे उन्हें विदेश यात्रा की अनुमति मिल सके।
शिल्पा ने 2016 में ही कंपनी से इस्तीफा दे दिया था
व्यवसायी दीपक कोठारी ने दंपति के खिलाफ एक आपराधिक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि 2015 से 2023 के बीच, उन्होंने उन्हें अपनी अब बंद हो चुकी कंपनी-बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड - में 60 करोड़ रुपये का निवेश करने के लिए राजी किया, लेकिन इस राशि का इस्तेमाल अपने निजी फायदे के लिए किया। दंपति की याचिका के अनुसार, शेट्टी ने सितंबर 2016 में ही कंपनी से इस्तीफा दे दिया था।
60 करोड़ रुपये का लोन लिया गया था
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिल्पा के पति राज कुंद्रा ने पुलिस से अपने बयान में कहा कि धोखाधड़ी की शिकायत करने वाले दीपक कोठारी की एनबीएफसी से 60 करोड़ रुपये का लोन लिया गया था। बाद में इसे कोठारी की कंपनी में इक्विटी के तौर पर एडजस्ट किया गया। इस रकम में से 20 करोड़ रुपये का इस्तेमाल सेलेब्रिटी प्रमोशन, ब्रॉडकास्ट के खर्चे समेत अन्य चीजों पर हुआ। विपाशा बासु और नेहा धूपिया को इस काम के लिए पेमेंट की गई थी।
विदेश नहीं जा सकते राज और शिल्पा
शिल्पा और राज को फिलहाल देश से बाहर जाने की अनुमति नहीं है। वे विदेश जाना चाहते थे। दोनों के वकीलों ने कहा कि 2021 में दर्ज पुराने मामले के बावजूद दोनों कई बार विदेश यात्रा कर चुके हैं और हर बार जांच में सहयोग भी किया है। इसलिए उन्हें इस बार भी जाने की इजाजत मिलनी चाहिए। लेकिन सरकारी पक्ष ने कोर्ट को याद दिलाया कि कपल पर गंभीर आर्थिक अपराध के दो केस चल रहे हैं। इस वजह से उनकी विदेश यात्रा जोखिम भरी हो सकती है। कोर्ट ने फिलहाल किसी भी तरह की राहत देने से साफ इनकार कर दिया और EOW को 8 अक्टूबर तक जवाब दाखिल करने का आदेश दिया।
सितंबर में लुकआउट नोटिस जारी
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने शिल्पा और राज पर 60.4 करोड़ की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। इसके बाद सितंबर में उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया।
