क्राइम

सुरक्षाबलों की वर्दी में आए लुटेरों और परिवार से लूट लिए 60 लाख रुपये, रायपुर का सनसनीखेज मामला

पुलिस अधिकारी ने बताया कि वेलू परिवार ने कुछ समय पहले दो करोड़ रुपये में जमीन बेची थी। इसमें कुछ रुपयों से परिवार ने जमीन खरीद ली और कुछ घर पर ही रखे थे।

Image

रायपुर में 60 लाख का लूट कांड

Robbers Loot Rs 60 Lakh in Raipur: छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर में मंगलवार को सुरक्षाबलों की वर्दी में एक घर में घुसे बदमाशों ने एक परिवार से 60 लाख रुपये लूट लिये। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रायपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने बताया कि यह घटना शहर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के अनुपम नगर की है जहां मनोहर वेलू के घर में लुटेरों ने धावा बोला। मिश्रा ने बताया कि आज दोपहर बाद जब वेलू परिवार के सदस्य भोजन कर आराम कर रहे थे तभी एक महिला समेत पांच लोग उनके घर पहुंचे जिनमें से कुछ लोगों ने सुरक्षाबलों की वर्दी पहनी हुई थी।

दो महिलाओं समेत तीन सदस्यों को बंधक बनाया

उन्होंने बताया कि घर में घुसने के बाद बदमाशों ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी और घर में मौजूद परिवार की दो महिलाओं समेत तीन सदस्यों को बंधक बनाकर लगभग 60 लाख रुपये लूट लिये। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि वेलू परिवार की सूचना में पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि वेलू परिवार ने कुछ समय पहले दो करोड़ रुपये में जमीन बेची थी। इसमें कुछ रुपयों से परिवार ने जमीन खरीद ली और कुछ घर पर ही रखे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाश अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारी ने बताया कि घर के करीब लगे सीसीटीवी फुटेज में लूटेरे कार से उतरते दिख रहे हैं।

मिश्रा ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि लुटेरों ने परिवार के संबंध में अधिक से अधिक जानकारी हासिल की थी। पुलिस सभी संभावित स्थितियों को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। उम्मीद है जल्द ही मामले का खुलासा हो सकेगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article