क्राइम

आतंकी साजिश मामले में NIA ने दाखिल किया दो के खिलाफ आरोप पत्र, युवाओं को बना रहे थे कट्टरपंथी

एजेंसी के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को उकसाकर उन्हें हिंसक जिहाद और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार करने की कोशिश कर रहे थे।

Image

एनआई (फाइल फोटो:pti)

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में आतंकी साजिश से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है।एनआईए ने आंध्र प्रदेश के विजयनगरम निवासी सिराज उर रहमान और हैदराबाद निवासी सैयद समीर को इस मामले में मुख्य आरोपी बनाया है। दोनों को आंध्र प्रदेश पुलिस ने 16 और 17 मई 2025 को गिरफ्तार किया था।

विशाखापत्तनम स्थित एनआईए की विशेष अदालत में दाखिल आरोप पत्र में कहा गया है कि सिराज उर रहमान और सैयद समीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों के युवाओं को कट्टरपंथी बना रहे थे। उन पर आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और देशभर में आतंकवादी हमले करने की साजिश रचने का आरोप है।

एजेंसी के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को उकसाकर उन्हें हिंसक जिहाद और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार करने की कोशिश कर रहे थे। एनआईए के अनुसार, जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों आरोपी अंतर्राष्ट्रीय आतंकी संगठन आईएसआईएस की विचारधारा से प्रभावित हो गए थे। इसके बाद वे इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई ग्रुप चलाते थे, जिनका उपयोग ये लोग चरमपंथी विचारधारा फैलाने के लिए किया करते थे। इन प्लेटफॉर्मों पर लोगों को भेजी जा रही जानकारी देश की एकता, अखंडता, सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द के लिए गंभीर खतरा थी।

एनआईए ने बताया कि जांच के दौरान पर्याप्त डिजिटल और तकनीकी सबूत मिले हैं, जो दोनों आरोपियों की आतंकवादी साजिश में शामिल होने के लिए पर्याप्त सबूत हैं। एजेंसी ने कहा है कि यह मामला देशभर में युवाओं को ऑनलाइन माध्यमों से कट्टरपंथ की ओर धकेलने की गहरी साजिश का हिस्सा था। एनआईए अब इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है। इसके साथ ही टीम बनाकर गिरफ्तारी कर रही है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article