क्राइम

बक्सर में गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट... बालू विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग में 3 लोगों की मौत

बक्सर के राजपूर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव में शनिवार सुबह बालू विवाद पर ताबड़तोड़ गोलियां चली। जिसमें पांच लोगों को गोलियां लग गई। जिनमें से 3 लोगों की मौत हो गई और दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस इस मामले में आरोपियों को पकड़ने में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।

Image

बक्सर में ट्रिपल मर्डर

Buxar Tripal Murder: बिहार का बक्सर जिला आज सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। यहां बालू गिराने को लेकर हुए विवाद में अंधाधुंध गोलीबारी हुई। जिसमें तीन लोगों की गोललगने से मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर राजपुर पुलिस के साथ सदर एसडीओपी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गई। वहीं घायलों को इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।

गोलीबारी की यह घटना बक्सर के राजपूर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव में सुबह-सुबह हुई। मृतक की पहचान अहियापुर निवासी 40 वर्षीय सुनील सिंह पिता दया शंकर सिंह, 50 वर्षीय विनोद सिंह पिता बबन सिंह और 35 वर्षीय वीरेंद्र सिंह पिता काशीनाथ सिंह है। वहीं दो घायल व्यक्तियों में 40 वर्षीय पूजन सिंह पिता ललन सिंह और 35 वर्षीय मंटू सिंह पिता दया शंकर सिंह शामिल हैं।

बालू गिराने को लेकर चल रहा था विवाद

राजपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि अहियापुर गांव के सामने मेन रोड पर सुनील सिंह की पहले से बालू बिक्री की दुकान थी। इस दुकान के बगल में ही गांव के मनोज मुखिया और उसके भाई संतोष ने अपनी बालू गिरा दी। सुनील सिंह ने मनोज को अपनी दुकान के बगल में दुकान खोलने से रोका। इस बात पर दोनों में काफी विवाद हुआ था। जिसके बाद शुक्रवार को मनोज ने फिर से सुनील की दुकान के बगल बालू गिरा दी। जिसपर दोनों पक्षों में काफी झड़प हुई। लेकिन शुक्रवार को सुनील सिंह के घर में बारात आनी थी। इस वजह से उसका परिवारा शांत हो गया।

हथियारों के साथ पहुंचा दूसरा पक्ष

शनिवार सुबह जब सुनील सिंह का परिवार बारात को विदा करने में व्यस्त था। इसी दौरान दूसरा पक्ष हथियारों के साथ वहां पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी। जिससे सुनील सिंह और विनोद सिंह को गोली लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वीरेंद्र यादव ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दो अन्य लोग इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में छानबीन शुरू कर दी है और हमलावरों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article