Meerut Murder: मेरठ में एक शख्स की हत्या का पता लगाने के लिए जब पुलिस जांच में जुटी तो मृतक की पत्नी और बेटी की ऐसी कहानी सामने आई, जिसे जानकर हर कोई हैरान रह जा रहा है। इश्क में जहां एक ओर मां डूबी थी, तो दूसरी ओर बेटी भी। दोनों की राह में एक ही रोड़ा था, जो एक लिए पति तो दूसरे के लिए पिता था। बस फिर क्या था पति या बाप हुआ तो क्या हुआ, दोनों मां-बेटी ने ऐसी चाल चली कि बेचार शख्स बेमौत मारा गया।
परिवार ने रचा मौत का खेल
मेरठ के एसपी ग्रामीण राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पूरे घटनाक्रम में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मृतक सुभाष की पत्नी कविता और बेटी सोनम भी शामिल हैं। सोनम का दोस्त विपिन भी इस हत्याकांड में गिरफ्तार हुआ है। अन्य आरोपियों में गुलजार (सुभाष की पत्नी का प्रेमी) और अजगर उर्फ शिवम शामिल हैं।
पत्नी का अवैध संबंध तो बेटी करती थी प्रेम
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सुभाष की बड़ी बेटी पहले ही लव मैरिज कर चुकी थी। इसी तरह दूसरी बेटी सोनम अपने दोस्त विपिन के साथ लव मैरिज करना चाहती थी। गुलजार नाम के आरोपी के साथ सुभाष की पत्नी के संबंध थे। इन बातों को लेकर सुभाष का पत्नी और बेटी के साथ वाद-विवाद बना रहता था। मां-बेटी ने मिलकर सुभाष को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की।
प्रेमियों से करवा दी हत्या
अधिकारी ने बताया कि सुभाष की पत्नी और बेटी ने ही अपने-अपने प्रेमियों को इस प्लानिंग में शामिल किया। विपिन, गुलजार और उनके एक दोस्त अजगर उर्फ शिवम ने सुभाष पर 23 जून को हमला किया था। अजगर उर्फ शिवम ने सुभाष को गोली मारी थी, जिसकी निशानदेही पर हथियार को बरामद किया जा चुका है। पुलिस फिलहाल आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
