क्राइम

दिल्ली : जान की कीमत 2 हजार, उधार के रुपये मांगने पर खेला खूनी 'खेल'; युवक की चाकू घोंपकर हत्या

दिल्ली के जाफराबाद में उधार पैसे वापस मांगने पर एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है 2000 रुपये के पीछे युवक को मौत के घाट उतार दिया गया।

Image

सांकेतिक फोटो (फोटो साभार-Istock)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

दिल्ली : उत्तरपूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में एक स्थानीय निवासी ने 2,000 रुपये के कर्ज को लेकर हुए विवाद के बाद 23 वर्षीय व्यक्ति की चाकू घोंपकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी और उसके बड़े भाई तथा उसके पिता को घटना के कुछ घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना देर रात 12.10 बजे हुई जब फरदीन ने आरोपी आदिल से उससे उधार लिए 2,000 रुपये वापस मांगे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जाफराबाद थाने को चाकू घोंपने की एक घटना के संबंध में सूचना मिली और जेपीसी अस्पताल पहुंचने पर अधिकारियों को पता चला कि फरदीन को उसके पिता अस्पताल लेकर आए थे और उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि फरदीन और उसका दोस्त जावेद एक गली के पास खड़े थे, तभी आदिल आया जिसने पहले उनसे 2,000 रुपये उधार लिए थे।

सबूत इकट्ठा कर रही पुलिस

जब फरदीन ने आदिल से अपने पैसे वापस मांगे तो आदिल कथित तौर पर आक्रोशित हो गया और उसने चाकू निकालकर दोनों युवकों पर हमला कर दिया। घटना के बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि आदिल का भाई कामिल और उनके पिता शकील भी घटनास्थल पर मौजूद थे और उन्होंने आदिल को दोनों युवकों पर हमला करने के लिए उकसाया। अधिकारियों ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने अपराध स्थल का निरीक्षण किया और सबूत इकट्ठा किए। इस सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस ने बाद में इस घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि कई टीम ने सुराग जुटाकर तीनों आरोपियों आदिल (30), कामिल (28) और उनके पिता शकील (58) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी उनके पास से बरामद कर लिया गया है। आदिल का पहले भी तीन मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि कामिल पर चार मामलों में मामला दर्ज है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article