मेरठ : गंगानगर थाना क्षेत्र स्थित अमहेड़ा गांव में शनिवार को एक शख्स ने अपनी 7 माह की गर्भवती पत्नी की चाकू गोदकर से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी शव के पास बैठा मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसको हिरासत में ले लिया। फिलहाल, पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल, मामला मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र के अम्हेड़ा गांव का है। जहां गांव की रहने वाली एक महिला सरिता की बहन सपना (25) आई हुई थी। सपना की शादी 8 महीने पहले रविशंकर के साथ हुई थी। सपना के माता-पिता की 18 साल पहले मौत हो गई थी, वह अपनी बड़ी बहन सरिता और जीजा मुन्ना के साथ ही रहती थी। रविशंकर से सपना की शादी भी जीजा ने ही कराई थी। रवि शंकर मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के कीन्हनगर का रहने वाला है और उसकी एक जनरल स्टोर की दुकान है। बताया जा रहा है कि सुबह 9 बजे रविशंकर अपनी पत्नी सपना से मिलने के लिए पहुंचा, उस समय घर में कोई नहीं था। सपना की बहन सरिता भी मोहल्ले में गई थी और उनके दोनों बच्चे स्कूल गए थे। इसके बाद रविशंकर सीधे फर्स्ट फ्लोर पर पत्नी के पास पहुंचा।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हुई और उसके बाद रविशंकर ने पत्नी पर चाकू से एक के बाद एक कई बार कर दिए। लगभग 2 घंटे बाद उसने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो रविशंकर अंदर कमरे में ही बैठा था। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। बहन की हत्या की खबर सुनते ही सरिता और जीजा मुन्ना भी घर पहुंच गए।
आंखें बंद करते ही मारा चाकू?
बताया जा रहा है कि रवि शंकर ने सपना से कहा कि अपनी आंखें बंद करो मैं तुम्हें एक लॉकेट दूंगा और सपना ने आंखें बंद कर ली इसके बाद रविशंकर ने उस पर चाकू से कई बार कर दिए हालांकि इस बात की अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि सपना 7 महीने गर्भ से थी । पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को हिरासत में ले लिया । हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आया है, हालांकि पुलिस अवैध संबंध सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
मेरठ के एसपी देहात राकेश कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अनबन हुई और फिर वाद विवाद हुआ। इस दौरान पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया । घायल अवस्था में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया । पुलिस आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से तहरीर लेकर उस के आधार पर एफआईआर दर्ज करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
