शामली : जिले के कैराना थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने चार बच्चों के साथ यमुना नदी में छलांग लगा दी। व्यक्ति ने कथित तौर पर पत्नी के उसके प्रेमी के साथ फरार होने के बाद यह कदम उठाया। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि सभी की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कैराना के सलमान (38) की पत्नी खुशनुमा कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इसके बाद यमुना पुल के पास सलमान ने अपने चार बच्चों - महक (12), शिफ़ा (पांच), अमन (तीन) और आठ माह की इनायशा के साथ यमुना नदी में छलांग लगा दी। वह पुल के पास गया और एक वीडियो बनाकर अपनी बहन गुलिस्ता को भेज दिया। गुलिस्ता ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संतोष कुमार सिंह ने न्यूज एजेंसी पीटीआई/भाषा बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि पुलिस और गोताखोर यमुना में उनकी तलाश कर रहे हैं। सिंह ने बताया कि यमुना में कूदने से पहले सलमान ने एक वीडियो बनाया और अपनी बहन को भेजा, जिसमें उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी खुशनुमा और उसका प्रेमी उसके इस कदम के लिए जिम्मेदार होंगे।
15 साल पहले हुई थी शादी
परिवार के अनुसार, सलमान की शादी 15 साल पहले खुशनुमा से हुई थी। बाद में पारिवारिक विवाद हो गया। शुक्रवार को सलमान और उसकी पत्नी खुशनुमा के बीच झगड़ा हुआ और बाद में खुशनुमा अपने प्रेमी के साथ चली गई।
स्थानीय लोग इस घटना से बेहद आहत हैं और महिला की भूमिका की गहन जांच की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। सलमान व बच्चों की तलाश यमुना नदी में जारी है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, जहां एक बाप ने घरेलू विवादों के चलते अपने जिगर के टुकड़ों के साथ जान देने का फैसला कर लिया, हालांकि अभी तक ना तो बच्चों का कोई सुराग लगा है ना ही पिता का। आशंका है की यमुना के तेज बहाव मे पांचों बह गए हैं।
