Hassan Sex Scandal: कर्नाटक में पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा का परिवार सेक्स स्कैंडल में फंसता दिख रहा है। कर्नाटक के हसन सेक्स स्कैंडल में देवगौड़े के बेटे और पोते दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
एक पूर्व मंत्री तो दूसरा है सांसद
एचडी देवगौड़ा के बेटे और कर्नाटक के पूर्व मंत्री एच.डी. रेवन्ना और पोते और सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 33 वर्षीय प्रज्वल हासन लोकसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवार हैं, जहां 26 अप्रैल को मतदान हुआ था।
पत्नी की रिश्तेदार के साथ यौन उत्पीड़न
एच.डी. रेवन्ना की घरेलू सहायिका की शिकायत के आधार पर जिले के होलेनरासीपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा कि वह रेवन्ना की पत्नी भवानी की रिश्तेदार हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि काम शुरू करने के चार महीने बाद रेवन्ना उनका यौन उत्पीड़न करने लगे जबकि प्रज्वल उनकी बेटी को वीडियो कॉल करके ‘‘अश्लील बातें’’ करते थे। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ-साथ उनके परिवार के अन्य सदस्यों की जान को भी खतरा है।
एसआईटी कर रही है जांच
कर्नाटक सरकार ने आज महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ नागलक्ष्मी चौधरी द्वारा सरकार को लिखे पत्र के बाद प्रज्वल से जुड़े एक कथित सेक्स स्कैंडल की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि हासन जिले में वीडियो प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें यह प्रतीत होता है कि वहां महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया गया है।
विदेश भाग गए हैं सांसद प्रज्वल रेवन्ना!
मिली जानकारी के अनुसार एचडी देवगौड़ा के पोते और सांसद प्रज्वल रेवन्ना देश छोड़कर भाग चुके हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। सूत्रों की मानें तो रवन्ना जर्मनी भाग गए हैं।
