क्राइम

Zubeen Garg's Death: 'जुबिन गर्ग की मौत' की जांच के लिए न्यायिक आयोग होगा गठित, आयोग के समक्ष गवाही देने की अपील

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि गायक जुबिन गर्ग की मौत की जांच के लिए न्यायिक आयोग गठित किया जाएगा।

Image

गायक जुबिन गर्ग (फाइल फोटो: canva)

Zubeen Garg's Death Update: मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने 'फेसबुक लाइव' में कहा कि आयोग का नेतृत्व गुवाहाटी उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सौमित्र सैकिया करेंगे।उन्होंने कहा, 'हम कल आयोग का गठन करेंगे। अब हम उन सभी लोगों से अनुरोध करते हैं जिनके पास ज़ुबिन गर्ग की मौत से संबंधित कोई भी जानकारी या वीडियो है, वे आगे आएं और आयोग के समक्ष गवाही दें।'

जुबिन की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह 'नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल' के चौथे संस्करण में भाग लेने के लिए दक्षिण पूर्व एशियाई देश गए थे। जुबिन की मौत को लेकर राज्य भर में 60 से अधिक प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मौजूदा समय मे सीआईडी पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

एनईआईएफ टीम के तीन सदस्यों से पूछताछ की गई

गायक जुबिन गर्ग की मौत की जांच कर रहे विशेष जांच दल ने नार्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल आयोजन टीम के तीन सदस्यों से शुक्रवार को पूछताछ की।इस बीच, एसआईटी के अध्यक्ष एवं विशेष पुलिस महानिदेशक मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने कहा कि इस जांच को इसके 'तार्किक मुकाम' पर पहुंचाया जाएगा।एसआईटी के प्रमुख गुप्ता ने यहां संवाददाताओं को बताया कि एनईआईएफ में भाग लेने के लिए गर्ग के साथ सिंगापुर गए तीन लोगों को अदालत ने 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। एनईआईएफ में भाग लेने के लिए गर्ग सिंगापुर गए थे, जहां 19 सितंबर को रहस्यमयी परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई थी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है जो एनईआईएफ में शामिल होने गए थे। इनमें जुबिन के प्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा और उनके संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी, महोत्सव के आयोजक श्यामकानु महंत और गायिका अमृतप्रभा महंत शामिल हैं। गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा, 'हम यह सुनिश्चित करेंगे कि जांच के दौरान हमारी ओर से कोई चूक न हो।'

एसडीजीपी ने कहा कि एसआईटी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मामला 'अपने तार्किक मुकाम पर पहुंचे।' गुप्ता ने पहले कहा था कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।इस बीच, एनईआईएफ आयोजन दल के तीन सदस्यों - पंकज अधिकारी, प्रीतम तालुकदत और कृष्णु दास को एसआईटी ने पूछताछ के लिए तलब किया। हालांकि, उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब नहीं दिया।

मौत की जांच के लिए 10 सदस्यीय एसआईटी का गठन

शर्मा और महंत को गायक की मौत के सिलसिले में बुधवार सुबह दिल्ली में गिरफ्तार किया गया था और अदालत ने उन्हें 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।दोनों पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या, गैर इरादतन हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और लापरवाही से मौत का कारण बनने का मामला दर्ज किया गया है।सीआईडी ने महंत के खिलाफ संगठित वित्तीय अपराधों और धनशोधन के जरिए भारी मात्रा में 'बेनामी' संपत्ति अर्जित करने के मामले में अलग से जांच भी शुरू की है।असम सरकार ने जुबिन की मौत की जांच के लिए 10 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article