क्राइम

Punjab News: गैंगस्टर-टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़, UK हैंडलर के दो ऑपरेटिव गिरफ्तार

Punjab News: प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी यूके-आधारित हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहे थे।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

पंजाब पुलिस ने राज्य में सक्रिय गैंगस्टर-टेरर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब ने बताया कि अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी ) ने पठानकोट काउंटर इंटेलिजेंस के साथ संयुक्त अभियान में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह और नवप्रीत सिंह के रुप में हुई। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक ग्लॉक 9 मिमी पिस्टल और गोला-बारूद बरामद किया है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी यूके-आधारित हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहे थे। इस हैंडलर ने उन्हें हथियार उपलब्ध कराए थे और राज्य के सीमावर्ती जिलों गुरदासपुर, बटाला और अमृतसर में विशिष्ट लक्ष्यों की रेकी (जासूसी) करने का काम सौंपा था। आरोपियों की योजना इन इलाकों में टारगेटेड किलिंग्स को अंजाम देकर राज्य में दहशत और सांप्रदायिक अशांति फैलाने की थी।

पुलिस के अनुसार, इसी मॉड्यूल से जुड़े दो अन्य सदस्यों को इससे पहले गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनके पास से एक हैंड ग्रेनेड और पिस्टल बरामद हुई थी। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादन ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी दी।

डीजीपी गौरव यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा, "एक बड़ी सफलता में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर ने काउंटर इंटेलिजेंस, पठानकोट के साथ मिलकर एक जॉइंट ऑपरेशन में गैंगस्टर-टेरर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया और दो ऑपरेटिव्स हरप्रीत सिंह और नवप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक ग्लॉक 9एमएम पिस्टल और गोला-बारूद बरामद किया गया। शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी यूके में बैठे हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे, जिसने हथियार का इंतजाम किया था और उन्हें बॉर्डर जिलों गुरदासपुर, बटाला और अमृतसर में खास टारगेट की रेकी करने का काम सौंपा था। वे राज्य में दहशत और सांप्रदायिक अशांति फैलाने के लिए टारगेटेड किलिंग की योजना बना रहे थे।"

डीजीपी ने आगे कहा, "इससे पहले, इसी मॉड्यूल के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था और उनके पास से एक हैंड ग्रेनेड और पिस्टल बरामद की गई थी। ये नई गिरफ्तारियां उसी मामले की जांच के दौरान की गई हैं। पूरे नेटवर्क, जिसमें इसके पिछले और अगले लिंक भी शामिल हैं, का पता लगाने और उसे खत्म करने के लिए आगे की जांच जारी है।" डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपनी पक्की प्रतिबद्धता दोहराती है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article