क्राइम

Batla House: भाई-बहन की मौत पर दिल्ली पुलिस ने जाहिर की आशंका, बक्शे में मिले थे 2 बच्चों के शव

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jun 7, 2023, 11:04 AM IST

Batla House News: पुलिस के मुताबिक जोगा बाई एक्सटेंशन में उसे एक लकड़ी के बॉक्स के भीतर दो बच्चों के शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। जानकारी होने के बाद पुलिस के टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Image

पीड़ित परिवार नेपाल का रहने वाला है।

Photo : ANI

Batla House : दिल्ली के बाटला हाउस इलाके में एक बक्शे में मृत मिले दो बच्चों के बारे में पुलिस ने बयान दिया है। पुलिस को इस बात की आशंका है कि लुका-छिपी का खेल खेलते हुए दोनों भाई-बहन बक्शे के अंदर चले गए होंगे और फिर बक्शे का दरवाजा उनसे नहीं खुला होगा। फिर सांस घुटने की वजह से दोनों की मौत हो गई होगी। दोनों मृत भाई-बहन की उम्र आठ एवं सात साल थी। हालांकि, पुलिस इस मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है।

पुलिस ने किसी 'गलत इरादे' से इंकार किया

इस घटना में पुलिस ने अब तक किसी गलत इरादे की भावना से इंकार किया है। पुलिस ने इसे 'दुर्घटनावश एसफिक्स्या' कहा है। स्वास्थ्य विज्ञान की भाषा में सांस न ले पाने की स्थिति को एसफिक्स्या कहा जाता है। यह बेहोशी या मृत्‍यु का कारण बन सकती है। दोनों बच्चों की पहचान नीरज (आठ) और आरती (छह) साल की हुई है।

लकड़ी के बॉक्स के भीतर मिले भाई-बहन के शव

पुलिस के मुताबिक जोगा बाई एक्सटेंशन में उसे एक लकड़ी के बॉक्स के भीतर दो बच्चों के शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। जानकारी होने के बाद पुलिस के टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दक्षिण-पूर्व दिल्ली के डिप्टी कमिश्नर राजेश देव ने बताया कि दोनों बच्चे अपने माता-पिता के साथ रहते थे। बच्चों के पिता बलबीर सेक्युरिटी गार्ड का काम करते हैं।

शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले

पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि बच्चों ने शाम तीन बजे अपने माता-पिता के साथ भोजन किया और शाम साढ़े तीन बजे के बाद उनके बारे में कुछ पता नहीं चला। दोनों बच्चों के बारे में कोई खोज-खबर नहीं मिलने पर अभिभावक एवं अन्य बच्चों ने उन्हें ढूंढना शुरू किया। इस दौरान दोनों बच्चे लकड़ी के बॉक्स में मिले। पुलिस की क्राइम टीम ने बच्चों के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिलने की पुष्टि की है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, 'यह दुर्घटनावश एसफिक्सिया का केस लगता है।'

नेपाल का रहने वाला है पीड़ित परिवार

पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार नेपाल का रहने वाला है। पुलिस को संदेह है कि दोनों बच्चे लुका-छिपी खेल रहे होंगे। इसी दौरान वे बॉक्स में छिपे होंगे। बॉक्स में जाने के बाद वे उसे खोलने एवं बाहर निकलने में असमर्थ हो गए होंगे। पुलिस का कहना है कि हालांकि वह अन्य एंगल से भी इस मामले की जांच कर रही है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article