Cyber Crime: देश में साइबर ठगी के मामले खत्म होने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जो लड़की बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था और उनसे रुपए एंठ लेता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम दीपक सैनी है और वह हिमाचल प्रदेश के मंडी का रहने वाला है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी ने श्रुति शर्मा बनकर एक व्यक्ति से टेलीग्राम पर दोस्ती की। इसके बाद दोनों के बीच लंबी बात होने लगी। धीरे-धीरे आरोपी ने पीड़ित को अपने प्यार के जाल में फंसा लिया और उससे अश्लील चैट करने लगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी दीपक सैनी ने पीड़ित को अपने जाल में फंसाकर 12 लाख 70 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
कई लोगों को बना चुका है शिकार
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच में पता चला है कि पुलिस ने कई लोगों को इस तरह ठगी का शिकार बनाया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी दीपक सैनी से पूछताछ की जा रही कि इसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और उनसे कितने रुपये ठगे हैं।
